राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 73वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सशस्त्र सेना कर्मियों और अन्यों के लिए वीरता और अन्य रक्षा अलंकरण पुरस्कारों की स्वीकृति दे दी है। स्वीकृत किये गये 384 पुरस्कारों में 12 शौर्य चक्र शामिल हैं। 29 परम विशिष्ट सेवा मैडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मैडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मैडल, 13 युद्ध सेवा मैडल, विशिष्ट सेवा मैडल के थ्री बार, 122 विशिष्ट सेवा मैडल, और वीरता के लिए सेना मैडल के थ्री बार शामिल हैं। वीरता के लिए 81 सेना और 2 वायु सेना मेडल प्रदान किये जायेंगे। कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए 40 सेना, आठ नौसेना और 14 वायु सेना पदक स्वीकृत किये गये हैं। कुल 12 शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में से 9 को मरणोपरांत सम्मानित किया जायेगा। इनमें मद्रास रेजीमेंट की 17वीं बटालियन के सूबेदार श्रीजिथ एम, राजपूत रेजीमेंट की 44वीं बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स के हवलदार अनिल कुमार तोमर, जाट रेजीमेंट, 34वीं बटालियन राष्ट्रीय राइफल्स के हवलदार पिंकू कुमार शामिल हैं।
ओलंपिक विजेता भारतीय सेना में सूबेदार नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जायेगा। नीरज चोपड़ा ने तोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।