आंधप्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी है। कल अमरावती में कई कर्मचारी संघों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने जनवरी 2022 से नया वेतनमान लागू होने पर 23 प्रतिशत फिटमेंट की भी घोषणा की। वित्तीय लाभ पहली अप्रैल 2020 से लागू होगा और बढ़ा वेतनमान बकाया महंगाई भत्ते के साथ जनवरी 2022 से प्रभावी होगा। भविष्य निधि, जीएलआई, अवकाश नकदीकरण जैसी बकाया राशि का भुगतान अप्रैल 2022 तक कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों के अनुभवों को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी सेवाओं के बेहतर उपयोग के लिए सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने की घोषणा की है। यह फैसला इस महीने से लागू हो जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन कर्मचारियों की कोविड से मृत्यु हुई है उनके परिवार के सदस्यों को इस वर्ष जून के अंत तक अनुकंपा के आधार पर नौकरी दे दी जाएगी। उन्होंने कर्मचारी स्वास्थ्य योजना में सुधार और इसे बेहतर तरीके से लागू करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति भी गठित की। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित मुद्दों का दो सप्ताह के अंदर समाधान किया जाना चाहिए। गांवों और वार्ड सचिवालयों में काम कर रहे कर्मचारियों को 30 जून तक परिवीक्षा और स्थायी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई से संशोधित वेतनमान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उन कर्मचारियों को मकान देने की भी घोषणा की जिनके पास अपना मकान नहीं है। इसके लिए जगन्ना स्मार्ट टाउनशिप में 10 प्रतिशत भूखंड आरक्षित किया जाएगा। |