मुख्य समाचारः –
————– देश कोविड टीकाकरण अभियान के अंतर्गत एक सौ पचास करोड़ टीके लगाने की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रहा है। कोरोना वायरस का नया वैरिएंट मिलने से चिंताएं बढ़ी हैं। आपसे हमारी अपील है कि यथाशीघ्र दोनों टीके लगवाएं और अन्य लोगों को भी टीके लगवाने के लिए प्रेरित करें। कृपया तीन सरल उपायों का पालन अवश्य करें। मास्क लगायें दो गज की सुरक्षित दूरी बनाए रखें हाथ और चेहरा साफ रखें। कोविड से संबंधित किसी भी जानकारी और मार्गदर्शन के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नम्बर-011-2 3 9 7 8 0 4 6 और 1075 पर संपर्क करें। ————– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के कच्छ में गुरुद्वारा लखपत साहिब में गुरु नानक देव जी के गुरुपरब समारोह को दिन के लगभग साढ़े बारह बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सम्बोधित करेंगे। गुजरात की सिख संगत हर वर्ष 23 से 25 दिसंबर तक लखपत साहिब में गुरु नानक देव का गुरुपरब मनाती है। अपनी यात्राओं के दौरान गुरु नानक देव इस अवधि में लखपत में रुके थे। गुरुद्वारा लखपत साहिब में उनकी लकड़ी की पादुकाएं और पालकी जैसे स्मृति चिन्ह और गुरुमुखी की पांडुलिपियां रखी हैं। 2001 में भूकंप के दौरान लखपत साहिब गुरुद्वारे को नुकसान पहुंचा था। राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी मरम्मत के लिए तत्काल प्रयास किए थे। इससे और श्री मोदी के हाल के प्रयासों से सिख धर्म के प्रति उनकी श्रद्धा और आस्था परिलक्षित होती है। ————– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विश्व का धर्म गुरू होने के नाते भारत का दायित्व है कि वह सभी देशों में आध्यात्मिक के क्षेत्र में योगदान करे। श्री मोदी कल नई दिल्ली में श्री अरबिंदो की 150वीं जयंती के आयोजन के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस समिति की अधिसूचना 20 दिसंबर को जारी की गई थी। इसमें विविध क्षेत्रों से जुड़े 53 सदस्य शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने श्री अरविंदो की स्मृति में आयोजित किए जाने वाले समाराहों के बारे में अमूल्य सुझावों के लिए सदस्यों का आभार व्यक्त किया। श्री मोदी ने कहा कि श्री अरविंदो के जीवनदर्शन के दो पहलू क्रांति और विकास बहुत महत्वपूर्ण हैं। ————– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 84वीं कडी होगी। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा था कि इस माह का मन की बात कार्यक्रम, इस वर्ष का अंतिम कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के लिए उन्हें अनेक सुझाव और विचार मिल रहे हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों और जमीनी स्तर पर बदलाव लाने के लिए काम कर रहे लोगों के बारे में है। कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क पर प्रसारित होगा। यह आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध रहेगा। आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर भी यह सीधा प्रसारित होगा। ————– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और समाज सुधारक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। ————– आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग विशेष वर्षांत श्रृंखला के अंतर्गत वर्ष 2021 की प्रमुख झलकियां प्रस्तुत कर रहा है। आज हम बात करेंगे प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के बारे में-प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसका लक्ष्य सबके लिये आवास उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 नवंबर, 2016 को आगरा से इस योजना का शुभारंभ किया था। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष 20 जनवरी को उत्तर प्रदेश में इस योजना के अंतर्गत छह लाख से अधिक लाभार्थियों को वित्तीय सहायता जारी करते हुए कहा था कि निर्धन, वंचित और शोषित वर्ग के जीवन में बदलाव लाने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं। गरीब, पीडित, सूचित, वंचित की सेवा के लिए, उनका जीवन बदलने के लिए, आज देश मे अभूतपूर्व काम हो रहा है। पांच साल पहले मुझे यूपी के आगारा से प्रधानमंत्री आवास योजना इसका शुभारंभ करने का सौभाग्य मिला। इतने कम वर्षों में इस योजना ने देश की गांवों की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी। इस योनजा के साथ करोडों लोगो की उम्मीद जुड़ी हैं। उनके सपने जुडे हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण का उद्देश्य देश की ग्रामीण आबादी को दो करोड़ 95 लाख आवास उपलब्ध कराना है ताकि सब के लिये आवास का लक्ष्य हासिल किया जा सके। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का विस्तार मार्च 2024 तक किये जाने से योजना के तहत कुल दो करोड़ 95 लाख घरों में से शेष बचे एक करोड़ 55 लाख 75 हजार परिवारों को पक्के घरों के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा सकेगी। शेष घरो के निर्माण पर कुल दो लाख 17 हजार करोड से अधिक का खर्च आयेगा जिसमें से केन्द्र सरकार द्वारा एक लाख 25 हजार करोड रुपये से अधिक की राशि दी जायेगी, जबकि राज्यों द्वारा 73 हजार चार सौ 75 करोड रुपये खर्च किये जायेंगे। इस योजना के तहत बनाये जाने वाले पक्के मकानों में बिजली, शौचालय और गैस कनेक्सन जैसी सुविधाएं होंगी। इस योजना की शुरूआत होने से ग्रामीण क्षेत्र में आवास निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली। ————– उत्तर प्रदेश में आज से रात का कर्फ्यू लागू रहेगा। मुख्यमंत्री ने देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की बढती संख्या को देखते हुए वरिष्ठ अधिकाारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह फैसला लिया। ब्यौरा हमारे संवाददाता से नाइट कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक प्रभावी रहेगा। राज्य के मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक रात्रि की पालीयों में काम करने वाले लोग अपने पहचान पत्र दिखाकर जा सकेंगे वहीं आवश्यक सेवाओं और आपातकालीन सेवाओं में जुड़े वाहनों को भी जाने की अनुमति रहेगी। शादी विवाह अथवा अन्य आयोजनों में दो सौ से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। बाजारों में मास्क नहीं तो सामान नहीं का संदेश दिया जाएगा। दुकानदारों और व्यापारियों से ऐसे किसी भी व्यक्ति को सामान न देने के लिए कहा जाएगा जिसने मास ना पहना हो। सड़क पर चलते समय और बाजार में भी मास्क लगाना जरूरी होगा। पुलिस को लगातार हालात पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है और पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। अधिकारियों से हवाई अड्डा रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के पास विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है और साथ ही राज्य में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच की जाएगी राज्य में इस समय कोविड के कुल दो सौ 66 मामले हैं। सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ। ————– गुजरात सरकार ने ओमिक्रॉन मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य में कर्फ्यू की समय-सीमा बढा दी है। अब, राज्य के आठ शहरों में रात का कर्फ्यू 11 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। अब तक यह कर्फ्यू रात एक बजे से सुबह पांच बजे तक लागू था। ब्योरा हमारे संवाददाता से गुजरात में रात्रि कर्फ्यू में दो घंटो की बढ़ोतरी आज रात से लागू होगी। नए आदेश के अनुसार अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वड़ोदरा, जूनागढ़, जामनगर, भावनगर और गांधीनगर में रात को 11 से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा. रात्रि कर्फ्यू के दौरान दुकान, रेस्ट्रां, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मार्केटिंग यार्ड, हेर कटिंग सलून, ब्यूटी पार्लर आदि सभी व्यावसायिक कामकाज बंद रहेंगे। गुजरात में पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 संक्रमण के नए मामलो में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य में सौ से ज्यादा नए मामले दर्ज किये गए है। ओमिक्रोन के नए वेरिएंट के मामले भी 30 हो चुके है। योगेश पंड्या आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद। ————– महाराष्ट्र सरकार ने नए दिशा-निर्देश जारी कर राज्य में और अधिक प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। अब राज्य में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक सार्वजनिक स्थानों पर पांच से अधिक लोग एकत्र नहीं हो सकेंगे। ब्यौरा हमारी संवाददाता से नए प्रतिबंधों के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर रात 9 बजे से सुबह 6 बजे के बीच पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी है। बंद हॉल मे होनेवाली शादियों में केवल 100 लोगों को अनुमति होगी वही खुले में होनेवाली शादियों में दो सौ 50 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं होगी। राज्य में जिम, स्पा, होटल, थिएटर और सिनेमा हॉल पूरी क्षमता के केवल 50 प्रतिशत सीटो का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने विधान परिषद को दी हुई जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र सरकार ने उन मरीजों को 35 करोड़ रुपये वापस दिलवाने में मदद की है, जिन्होंने कोविड के इलाज के लिए निजी अस्पतालों द्वारा अत्यधिक शुल्क लिए जाने की शिकायत की थी। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई। ————– ओडिसा में ओमिक्रॉन का प्रसार रोकने के लिए नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। ये प्रतिबंध आज के अलावा 31 दिसम्बर से 2 जनवरी तक लागू रहेंगे। इस दौरान राज्य में रात में कोई आयोजन नहीं हो सकेगा। होटलों, क्लबों, रेस्त्रां, पार्कों और सम्मेलन कक्ष में नए वर्ष के आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। गिरजाघरों में पचास लोगों के साथ क्रिसमस मनाने की अनुमति होगी। ————– देश में कोविड टीकाकरण 140 करोड 93 लाख का आंकडा पार कर गया है। अब तक 140 करोड 93 लाख 45 हजार नौ सौ पांच टीके लगाये जा चुके हैं। ————– क्रिसमस का त्योहार आज पूरे विश्व में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। क्रिसमस प्रभु यीशू के जन्म के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस अवसर पर गिरजाघरों में रंग-बिरंगी रोशनियों से भव्य सजावट की गई है। लोग अपने घरों को भी सुरूचिपूर्ण ढंग से सजाते हैं और एक दूसरे को उपहार देकर क्रिसमस की खुशियां बांटते हैं। ————– गोआ में विशेष भव्यता के साथ क्रिसमस समारोह शुरू हो गए हैं। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के कारण विदेशी पर्यटक क्रिसमस और नववर्ष समारोहों के लिए गोआ पहुंचे हैं। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट…. गोवा में क्रिसमस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाता है। गोवा में मिडनाइट मास क्रिसमस की परंपरा है। गोवा के गिरजाघरों में मध्यरात्रि से ही आयोजन शुरू हो गया था। रोशनी और सजावट, खूबसूरती से जगमगाते सितारे त्योहार की मुख्य विशेषताएं हैं। क्रिसमस के दौरान बैंबीक और दॉदॉल जैसे खाने के जायके राज्य में बहुत प्रसिद्ध हैं। पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करने में सावधानी बरती जा रही है। मुकेश थाली की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज़। ————– राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी है।राष्ट्रपति कोविन्द ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह का प्रेम और करूणा का संदेश पूरी मानवता को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जो उनके आदर्शों के अनुरूप न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों पर आधारित हो। उपराष्ट्रपति नायडू ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, करूणा और क्षमा के मूल्यों में आस्था सुदृढ करता है। ईसा मसीह के जन्मदिन पर हमें उनके जीवन मूल्यों को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। ————– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस पर लोगों को बधाई दी है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि आज के दिन हम ईसा मसीह के जीवन और उनकी शिक्षाओं का स्मरण करते हैं, जिनमे सेवा, दयालुता और विनम्रता पर सबसे अधिक बल दिया गया है। श्री मोदी ने लोगों के लिये स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। ————– मध्यप्रदेश में प्रतिष्ठित विश्व संगीत तानसेन महोत्सव आज से ग्वालियर में शुरू हो रहा है। यह 30 दिसम्बर तक चलेगा। यह इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम की सत्तानबेवीं कडी होगी। आयोजन के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जायेगा। एक रिपोर्ट….. कार्यक्रम का मंच का निर्माण ओंकारेश्वर स्थित सिद्धनाथ मंदिर की तर्ज़ पर किया गया है। समारोह का औपचारिक उद्घाटन रविवार 26 दिसंबर को शाम 6 बजे होगा। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर करेंगी। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय कालिदास पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में कोविड-19 प्रोटोकॉल के सभी आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। पूजा पी.वर्धन, आकाशवाणी समाचार भोपाल। ————– राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 97वीं (सत्तानवें-वीं) जयन्ती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। दिल्ली में उनके समाधि स्थल सदैव अटल पर पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी। यह दिन सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। श्री अटलबिहारी वाजपेयी लोकसभा के लिए दस बार और राज्यसभा के लिए दो बार निर्वाचित हुए थे। वे उत्कृष्ट सांसद रहे जिसके नेतृत्व में लोगों का गहरा भरोसा था। एक सांसद और विशेषकर प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण योगदान किये तथा साहसिक सुधारों और बुनियादी ढांचा विकास से अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का रास्ता प्रशस्त किया। ————– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर नमन किया है। अपने संदेश में श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्र के प्रति अटल जी की सेवा हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत को मजबूत और विकसित बनाने के लिये समर्पित कर दिया। श्री मोदी ने कहा कि विकास के लिये उनके प्रयासों का लाखों भारतीयों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। ————– दुबई में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता में 50 ओवर के ग्रुप चरण मैच में आज भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। मैच भारतीय समयानुसार 11 बजे शुरू होगा। आज ही अफगानिस्तान का मुकाबला मेजबान संयुक्त अरब अमारात से होगा, जबकि बंग्लादेश कुवैत के साथ खेलेगा। ————– ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की है। 41 वर्षीय हरभजन सिंह ने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बंगलुरू टेस्ट से की थी। दो दशक से अधिक लंबे करियर में हरभजन सिंह ने 103 टेस्ट मैच में कुल 417 विकेट लिए। उन्होंने 236 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों में 269 विकेट और 28 ट्वेंटी-ट्वेंटी मैचों में 25 विकेट हासिल किए। उन्होंने 163 आईपीएल मैच भी खेले और 150 विकेट चटकाए। ————– नये ढंग से सामान्य जीवन यापन का एक और वर्ष समाप्त होने को है। इस वर्ष कोविड के एक नए वैरियेंट का पता चला और एकबार फिर दुनियाभर में सामान्य गतिविधियों में ठहराव जैसी स्थिति बन गई। लेकिन वर्ष 2021 ने भारत को गर्व का अवसर भी दिया है। इसी वर्ष ओलिम्पिक में हमने 7 पदक जीते, जो ओलिम्पिक में हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण जीतकर इतिहास रचा और इस तरह भारत एथलिटिक्स में सौ साल बाद स्वर्ण जीतने में कामयाब रहा। ओलिम्पिक में ही पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी को हराकर कांस्य जीता। ओलिम्पिक हॉकी में भारत ने 41 वर्ष बाद कोई पदक जीता।पैरालिम्पिक खेलों में भी भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और 19 पदक जीते। इनमें पांच स्वर्ण, आठ रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। पैरालिम्पिक में बीस वर्षीया अवनी लेखरा सबसे चमकता सितारा बनकर उभरीं और स्वर्ण तथा कांस्य दोनों जीतकर पैरालिम्पिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। ————– आजादी का अमृत महोत्सव के लिए सभी उपभोक्ताओं को शुभकामनाएं। हॉलमार्क सोने की शुद्धता सुनिश्चित करता है। हमेशा हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण खरीदें। उपभोक्ता संबंधित किसी भी शिकायत के लिए कृपया राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन के टोल फ्री नम्बर – 1 4 4 0 4 पर संपर्क करें। उपभोक्ता मामले विभाग, भारत सरकार द्वारा जनहित में जारी।….जागो ग्राहक जागो। ————– समाचार पत्रों से- ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों को सभी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। दैनिक जागरण लिखता है – स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा-विश्व चौथी लहर के चपेट में हमें भी सतर्क रहने की जरूरत। अमर उजाला ने बेकाबू भीड़ से चिंतित दिल्ली हाईकोर्ट के इस सख्त रुख को दिया है कि यह भयावह है इसे रोकिए, अगर कुछ हुआ तो अफसर व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार। कानपुर में इत्र कारोबारी के घर जीएसटी टीम की छापेमारी की खबर अधिकतर अखबारों में है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है – कर्मचारियों को 175 करोड़ रुपये गिनने में 36 घंटे लगे। नौसेना का पहला स्वदेशी मिसाइल कार्वेट युद्ध पोत खुकरी हुआ सेवामुक्त। हरिभूमि की खबर है। ————– |
Recent
सरकार ने सौ लाख मीट्रिक टन चीनी के निर्यात की अनुमति...
सरकार ने चीनी मौसम के दौरान देश में इसकी उपलब्धता और मूल्यों में स्थिरता बनाए रखने के लिए सौ लाख मीट्रिक टन चीनी के...
राष्ट्रीय
सरकार ने सौ लाख मीट्रिक टन चीनी के निर्यात की अनुमति...
सरकार ने चीनी मौसम के दौरान देश में इसकी उपलब्धता और मूल्यों में स्थिरता बनाए रखने के लिए सौ लाख मीट्रिक टन चीनी के...