दिनांक : १९.०६.२०१३
दोपहर समाचार
१४१५
मुख्य समाचार :दोपहर समाचार
१४१५
- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तराखंड के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। राज्य में बाढ़ और चट्टाने टूट कर गिरने से १०२ लोगों की मौत और ६२ हजार से अधिक लोग फंसे।
- कांग्रेस कोर गु्रप ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव पेश किया। कांग्रेस का समर्थन का फैसला।
- सेंसेक्स में गिरावट का रूख। डॉलर के मुकाबले रूपया छह पैसे कमजोर , एक डॉलर की कीमत ५८ रूपये ८३ पैसे।
- आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल आज दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच ओवल में ।
-----
प्रधानमंत्री
डॉ० मनमोहनसिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज उत्तराखण्ड के बाढ़
और चट्टानें टूटने से प्रभावित क्षेत्रों का विमान से सर्वेक्षण कियाडॉ० मनमोहनसिंह ने कल मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से बातचीत की और उन्हें राहत तथा बचाव कार्यो में पूरी सहायता का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने पीड़ितों के प्रति संवेदना और दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेना और वायुसेना वहां फंसे लोगों को बचाने और राहत पहुंचाने में सहायता कर रही हैं और केन्द्र सरकार की सभी एजेंसियों को भी बाढ़ग्रस्त इलाकों में बचाव और राहत कार्यो में मदद करने का निर्देश दिया गया है।
-----
उत्तराखण्ड
और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए आज कांग्रेस कोर
ग्रुप की प्रधानमंत्री निवास पर बैठक हुई। बाद में गृहमंत्री सुशील कुमार
शिंदे ने बताया कि लोगों को बचाने के हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं।गौरी कुंड से गुप्त काशी में लोगों को लाने के लिए दस ए एल ए एच और दो मिग-१७ हेलीकॉप्टर भेजे गये हैं। मुख्य नियंत्रण केन्द्र बद्रीनाथ में बनाया गया है। मैं लगातार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के सम्पर्क में हूं।
बाढ़ग्रस्त इलाकों में खाने के पैकेट तथा कम्बल भेजे गये हैं और डॉक्टरों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को सहायता सामग्री वितरित कर रही है। सेना ने पांच हजार लोगों को बचाया है ा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने जोशीमठ में करीब छह हजार चार सौ लोगों को शरण दी है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की तीन बटालियनें भेजी गई हैं। श्री शिंदे ने बताया कि राज्य में ६२ हजार सात सौ नब्बे लोग फंसे हुए हैं।
गृहमंत्री ने बताया कि गृहसचिव सहित मंत्रालय के अधिकारी स्थिति का मौके पर जायजा लेने के लिए बाढ़ग्रस्त इलाको में जाएंगे।
अभी प्राइम मिनिस्टर और सोनिया गांधी जी जा रहे हैं तो मैं नहीं जा रहा हूं। लेकिन मेरे ऑफिसर्स की टीम में स्पेशल प्लेन से जो मैं वहां भेज रहा हूं, जिसमें डिजास्टर मेनेजमेंट के लोग होंगे, बॉर्डर रोड के लोग होंगे और हमारे होम मिनिस्ट्री के लोग होंगे।
इससे पहले वित्तमंत्री पी चिदम्बरम ने बताया कि उत्तराखण्ड में स्थिति कल से कुछ बेहतर है।
-----
राहत
और बचाव कार्य जारी हैं। खबरों के अनुसार राज्य में भारी वर्षा के कारण
बाढ़ और चट्टानें टूटने से मरने वालों की संख्या १०२ हो गई है, लेकिन
अधिकारिक खबरों में ६९ लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि की गई है। हमारे
संवाददाता ने बताया है कि रूद्रप्रयाग जिले में इसका सबसे अधिक असर हुआ है।
मूसलाधार वर्षा से केदारनाथ मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है।केदारनाथ के आसपास का क्षेत्र काफी क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि केदारनाथ मन्दिर को आंशिक नुकसान पहुंचने की खबर है। कैलाश मानसरोवर की यात्रा के तीर्थयात्रियों को पिथौरागढ़ जिले के बूंदी में रोक दिया गया है। उत्तराखंड में मौसम में सुधार होने से राहत और बचाव कार्य जोरों पर है। सेना और निजी कम्पनियों के २२ हेलीकॉप्टरों को राहत और बचाव कार्यों में लगाया गया है। भारतीय सेना, आई टी बी पी, एन डी आर एफ और सेना के जवानों द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर किये जा रहे हैं। चार धाम यात्रा में फंसे २० हजार से अधिक तीर्थयात्रियों को अभी तक निकाला जा चुका है, जबकि ५० हजार से अधिक लोग अभी भी फंसे हुए हैं। संजीव सुन्द्रियाल आकाशवाणी समाचार देहरादून।
-----
उधर, हिमाचल
प्रदेश में मॉनसून की भारी वर्षा और हिमपात के कारण जनजातीय जिले किन्नौर
के अधिकतर इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है
कि राहत और बचाव कार्य जोरों पर है।रिकोंग पिओ, सांगला व पूह में फंसे करीब २५० लोगों को आज शाम तक हेलीकॉप्टर से निकाल लिये जाने की सम्भावना है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विभिन्न विभागों को नुकसान का जायज+ा लेने के निर्देश दिये हैं। आकाशवाणी से बातचीत में वीरभद्र सिंह ने बताया कि जायज+ा प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावितों को जल्द मुआवजा दिया जायेगा। जिले के अधिकांश भाग अभी भी अंधेरे में डूबे हैं क्योंकि बिजली आपूर्ति को बहाल नहीं किया जा सका है। इसके अतिरिक्त लोगों को पेयजल और अपने मवेशियों के लिए चारे की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। शिशु शर्मा शान्तनु आकाशवाणी समाचार शिमला।
-----
उत्तरप्रदेश
में उफनती नदियों के बाढ़ के पानी से तराई क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित है।
सबसे अधिक प्रभावित बहराइच और लखीमपुर खीरी जिलों में घाघरा नदी लगभग सभी
स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि पीलीभीत में शारदा नदी का
पानी कथित रूप से घट रहा है। बाढ़ में फंसे लोगो को निकालने के लिए नौकाएं
और मोटर बोट लगाई गई हैं।-----
भारतीय
जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि बाढ़ की स्थिति को
राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाना चाहिए। इससे पहले उन्होंने अपनी पार्टी के
कार्यकर्ताओं से मुसीबत की इस घड़ी में पीड़ित लोगों की सहायता करने को कहा
था।------
बिहार के मुख्यमंत्री नितिश
कुमार ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का प्रस्ताव रखा है। इस
प्रस्ताव पर चर्चा जारी है। २४३ सदस्यों की विधानसभा में जनता दल युनाइटेड
के ११८ सदस्य हैं और उसे अपना बहुमत साबित करने के लिए चार और विधायकों की
जरूरत है। बिहार विधानसभा में नितीश सरकार द्वारा पेश विश्वास प्रस्ताव का मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पर जनादेश का अपमान और जनता के साथ विश्वासघात का आरोप लगाते हुए बहिष्कार किया है। हालांकि राष्ट्रीय जनता दल के सदस्यों ने विश्वास मत के खिलाफ मतदान में शामिल होने की बात कही है। वहीं कल तक विपक्ष की भूमिका निभा रहे कांग्रेस और सी पी आई ने विश्वास मत का समर्थन किया है। छह में से चार निर्दलीय विधायक भी सरकार के साथ खड़े नजर आये और उन्होंने विश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया। इस वक्त मुख्यमंत्री नितीश कुमार विश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस का सदन में जवाब दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सरकार के विकास कार्यों की तारीफ करते हुए विपक्ष के इरादों पर सवाल खड़ा किया है। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से मैं दिवाकर कुमार।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने नंदकिशोर यादव को विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाने की घोषणा की है।
-----
असम
में गुवाहाटी नगर निगम की ३१ वार्ड परिषद और ९० क्षेत्र सभा प्रतिनिधि
सीटों के लिए ८६२ मतदान केन्द्रों पर सुचारू रूप से मतदान हो रहा है।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अब से कुछ देर पहले तक २९ प्रतिशत वोट डाले
जा चुके थे। किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं हैं। एक अधिकारी को ड्यूटी पर
कोताही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। मतदान शाम चार बजे तक
चलेगा।------
डॉ० कवुरू सम्बासिवा राव ने
आज नये केन्द्रीय कपड़ा मंत्री के रूप में और श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने
केन्द्रीय रेलमंत्री का कार्यभार संभाला। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनय
मित्तल, बोर्ड के सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने श्री खड़गे को मंत्रालय
से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी दी। श्री राव ने पदभार
संभालने के बाद कहा कि उनका मंत्रालय समाज के गरीब वर्गो को रोजगार उपलब्ध
कराने, निर्यात बढ़ाने तथा कपास उत्पादकों और हथकरघा बुनकरों को न्याय
दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।-----
केन्द्रीय
अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने कोयला खण्ड आवंटन मामले में तथ्यों को कथित रूप
से सही ढंग से पेश न करने के लिए राठी स्टील एण्ड पॉवर लिमिटेड पर नया
मामला दर्ज किया है। सीबीआई के सूत्रों के अनुसार वह इस सिलसिले में दिल्ली
और गाजियाबाद में छापे मार रही है।-----
तमिलनाडु
में एक सड़क दुर्घटना में सात स्कूली बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो गयी।
हादसा पुडुकोट्टई के पास एक वैन के बस से टकरा जाने से हुआ। घायलों को
पुडुकोट्टई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों
चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।मुख्यमंत्री सुश्री जयललिता ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रूपये तथा घायलों को पच्चीस-पच्चीस हजार रूपये देने की घोषणा की है। दूसरी दुर्घटना सलेम में हुई, जहां एक एम्बुलेंस के लॉरी से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। एम्बुलेंस के घायल चालक को सलेम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
------
बम्बई
शेयर बाजार के शुरूआती कारोबार में आज लगातार दूसरे दिन संवेदी सूचकांक ६२
अंक की गिरावट के साथ १९ हजार १६१ पर खुला। अब से कुछ देर पहले सेन्सेक्स
१२ अंक की वृद्धि के साथ १९ हजार २३५ पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का
निफ्टी भी ४ अंक बढ़कर ५ हजार ८१७ पर आ गया। अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार
में डॉलर के मुकाबले रूपया आज छह पैसे कमजोर हुआ। एक डॉलर की कीमत ५८ रूपये
८३ पैसे हो गयी।-----
उच्चतम न्यायालय
ने भारत के इंटरनेट आंकड़ों की अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी द्वारा
जासूसी किए जाने के मुद्दे पर दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई के लिए मंजूर
कर ली। इस याचिका में उन इंटरनेट कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग
की गई है जिन्होंने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी को भारत के इंटरनेट
आंकड़ों की जासूसी करने की अनुमति दी। यह याचिका दिल्ली विश्वविधलय के विधि
विभाग के पूर्व डीन प्रोफेसर एस एन सिंह ने दाखिल की है जिस पर सुनवाई की
सहमति जताते हुए न्यायमूर्ति ए के पटनायक और रंजन गोगोई की पीठ ने मामले को
अगले सप्ताह के लिए सूचीबद्ध किया है।-----
आई
सी सी चैम्पियंस ट्राफी क्रिकेट के पहले सेमीफाइनल में आज ओवल में दक्षिण
अफ्रीका का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। इस मैच का आंखों देखा हाल दो बजकर
तीस मिनट से आकाशवाणी से प्रसारित किया जायेगा। दूसरे सेमीफाइनल में
बृहस्पतिवार को भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा। फाइनल २३ तारीख को खेला
जाएगा।------
प्रसार भारती के मुख्य
कार्यकारी अधिकारी जवाहर सरकार ने आज आकाशवाणी चेन्नई के ७५ वर्ष पूरे होने
के उपलक्ष्य में आकाशवाणी परिसर में एक स्मारक स्तम्भ का अनावरण किया।
इससे पहले उन्होंने आकाशवाणी और दूरदर्शन के उच्चाधिकारियों के साथ कामकाज
में सुधार के बारे में समीक्षा बैठक की।और अब प्रसार भारती कर्मचारियों के लिए एक खुशखबरी। प्रसार भारती भर्ती बोर्ड के संचालन के बारे में गठित विशेषज्ञ दल ने कर्मचारियों की तेजी से पदोन्नति और प्रस्तावित भर्ती बोर्ड के माध्यम से निष्पक्ष भर्ती सुनिश्चित करने के कई उपाय सुझाए हैं। विशेषज्ञ दल में केन्द्रीय लोक सेवा आयोग के पूर्व सचिव डॉ. एस.पी. गौड़ और कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व चेयरमैन एन.के. रघुपति शामिल हैं। विशेषज्ञ दल ने यह सुझाव भी दिया कि प्रस्तावित भर्ती बोर्ड में एक अध्यक्ष और भारत सरकार के सचिव स्तर के दो पूर्णकालिक सदस्य होंगे। यह सुझाव भी दिया गया है कि प्रसार भारती भर्ती बोर्ड बन जाने के बाद केन्द्रीय लोक सेवा आयोग के सामने जाने की जरूरत नहीं रह जाएगी।
------
श्रीलंका
में अनेक राजनीतिक दलों और बौद्ध भिक्षुओं के नेतृत्व वाले कई राजनीतिक
गुटों ने सरकार पर संविधान का १३वां संशोधन हटाकर प्रान्तीय व्यवस्था
समाप्त करने का दबाव बढ़ा दिया है। सत्तारूढ़ पार्टी ने इस मुद्दे पर कैबिनेट
में चर्चा के बाद बताया कि कल संसद की प्रवर समिति की घोषणा की जाएगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह संशोधन १९८७ में भारत-श्रीलंका समझौते
का परिणाम था और इसे तमिल समुदाय की राजनीतिक महत्वाकांक्षायें पूरी करने
के लिए पेश किया गया था।१९८७ के भारत-श्रीलंका समझौते के बाद श्रीलंका के संविधान में १३वां संशोधन लाया गया था जिसके तहत प्रान्तीय परिषद बनाये गये। इन परिषदों की स्थापना अल्पमत तमिल समुदाय की राजनीतिक अकांक्षाओं को पूरा करने के लिए की गई थी। लेकिन तमिल बहुल उत्तरी प्रान्त में चुनाव आज तक नहीं कराये गये हैं। इस साल उत्तरी प्रान्त में चुनाव कराये जाने की सम्भावनाओं को देखते हुए सिंघली बौद्ध राष्ट्रवादी पार्टियों ने १३वें संशोधन और प्रान्तीय प्रणाली को ही खत्म करने की मांग तेज कर दी है। रक्षा सचिव और राष्ट्रपति के भाई गोताभाया राजपक्षे ने भी प्रान्तों से पुलिस और भूमि सम्बन्धी अधिकार वापस लेने की बात कही है। सरकार की सहयोगी पार्टी जे एच यू ने कल संसद में १३वें संशोधन को खत्म करने के लिए एक विधेयक प्रस्तुत किया। सरकार ने भी संसदीय समिति बनाकर प्रान्तीय प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विचार करने की घोषणा की है। अभिषेक दयाल आकाशवाणी समाचार कोलम्बो।
------






