मुख्य समाचार
सरकार ने कहा--कोविड टीकाकरण के बारे में सही सूचनाओं के प्रचार-प्रसार और अफवाहों को दूर करने के लिए विभिन्न पक्षों को साथ लेकर चलना बहुत जरूरी।
देश में 20 लाख 29 हजार से अधिक लाभार्थियों को कोविड टीके लगाए गए।
राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने आगामी बजट सत्र के लिए रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इस वर्ष भारत की वृद्धि दर 11 दशमलव 5 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया।
अमरीका ने अपने नागरिकों से कहा कि वे कोविड--19, आतंकवाद और जातीय हिंसा के कारण पाकिस्तान तथा बांग्लादेश की यात्रा करने पर पुनर्विचार करें और अफगानिस्तान की यात्रा पर न जाएं।
और--अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सर्वश्रेष्ठ पुरूष तथा महिला क्रिकेट खिलाडियों का सम्मान करने के लिए प्लेयर आफ द मंथ पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की।
-------------------------------------------
कोविड महामारी के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान एहतियाती उपायों का संकल्प लें।
मास्क पहनें
दो गज दूरी, है जरूरी।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
हाथ और मुंह साफ रखें।
और अब समाचार विस्तार से-
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में सही सूचनाओं के प्रचार-प्रसार और अफवाहों को दूर करने के लिए विभिन्न पक्षों को साथ लेकर चलना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 कोविड-19 के टीके की खोज के लिए जाना जायेगा और दुनिया के सामने इस साल की चुनौती सबसे अधिक जरूरतमंद लोगों को टीके लगाने की होगी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के संचालन मंडल की 148वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने महामारी से जुड़ी तमाम समस्याओं के बावजूद दुनिया में हुई जबरदस्त प्रगति को बड़ा उत्साहजनक बताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 को महामारी घोषित किये जाने के बाद से इससे निपटने के लिए सामूहिक रूप से शुरू किए गए जोरदार अभियान से इसका फैलाव रोकने और मौतों की संख्या कम करने में मदद मिली।
कोविड महामारी के तेजी से फैलाव के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के सभी सदस्य देशों की भूमिका की सराहना करते हुए डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इन देशों के जबरदस्त संकल्प और कड़ी मेहनत से महामारी के प्रकोप के दौरान अनगिनत लोगों के जीवन को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महामारी के दौर में सबसे बड़ी उपलब्धि स्वास्थ्य संगठनों के बीच सहयोग की भावना से काम करने की रही। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संगठनों ने दुनिया भर में उद्देश्यपूर्ण लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। डॉ. हर्षवर्धन ने कोविड महामारी से निपटने और निस्वार्थ भाव से कोविड रोगियों की सेवा करते हुए अपना जीवन बलिदान करने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के कार्यकारी बोर्ड ने टीकाकरण एजेंडा 2030 का स्वागत किया और दुनिया भर में लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों की एक स्वर से प्रशंसा की। सदस्य देशों ने कोवैक्स सुविधा के माध्यम से महामारी के टीके जल्द और समानता के आधार पर सभी देशों को उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया है।
सरकार ने कहा है कि देशव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 20 लाख 29 हजार से अधिक लाभार्थियों को टीके लगाए जा चुके हैं। भारत ने कोरोना के विरुद्ध संघर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। सरकार की समय रहते कार्रवाई और समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखने से कोरोना के दैनिक मामले लगातार घट रहे हैं। इससे कोरोना से हुई मौतों की संख्या में भी लगातार कमी आई है। कोरोना वायरस के सामने आने के आठ महीने बाद संक्रमण से प्रतिदिन हो रही मृत्यु दर घटकर 120 से भी कम रह गई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि पांच राज्यों में पांच हजार छह सौ पन्द्रह लाभार्थियों को टीके लगाए गए। ये राज्य हैं- आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, तमिलनाडु और तेलंगाना। इस बीच, देश में कोविड से ठीक होने की दर 96 दशमलव 9 प्रतिशत हो गई। इस महामारी से एक करोड़ तीन लाख से अधिक रोगी पहले ही स्वस्थ हो चुके हैं। इस समय एक लाख 77 हजार 2 सौ 66 रोगियों का उपचार चल रहा है। जो कुल संक्रमित लोगों का केवल 1 दशमलव छह-छह प्रतिशत है। भारत में संक्रमण दर प्रति दस लाख जनसंख्या के हिसाब से विश्व में बहुत कम है। प्रति दस लाख की जनसंख्या पर मृत्यु दर भी विश्व में अधिकांश देशों की तुलना में बहुत कम है। प्रति दस लाख पर कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या केवल 128 है जो दुनिया में सबसे कम है। प्रति दस लाख की आबादी पर कोरोना के रोगियों की दृष्टि से जर्मनी, रुस, ब्राज़ील, इटली, ब्रिटेन और अमरीका में मामले कहीं अधिक हैं। समाचार कक्ष से अलका सिंह।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के कोविड संबंधी विशेष दूत डेविड नवारो ने कहा है कि आऩे वाले समय में कोविड-19 के नये स्ट्रेन के सामने आने की आशंका है, लेकिन इन पर कोविड टीका कारगर रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि टीकाकरण निष्प्रभावी हो जायेगा। एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि वायरस के अधिक संक्रामक होने के बारे में पता चलने के बाद ब्रिटेन में कोरोना के नये स्ट्रेन का अध्ययन किया जा रहा है।
देश में अब संक्रमण से ठीक होने वालों की दर 96 दशमलव नौ-एक प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में 13 हजार से अधिक लोग स्वस्थ हुए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक एक करोड तीन लाख 59 हजार से अधिक मरीज संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। देश में कोविड से प्रभावित लोगों की संख्या तेजी से घट रही है। इस समय एक लाख 76 हजार सक्रिय मामले हैं जो कुल मामलों का केवल एक दशमलव छह-पांच प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कल हुई 137 मौतों को मिलाकर अब तक एक लाख 3 हजार 724 लोग इस महामारी का शिकार हो चुके हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने बताया कि कल पांच लाख पचास हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। देश में अब तक 19 करोड 36 लाख से अधिक नमूनों की जांच हो चुकी है।
राजस्थान में कोविड टीकाकरण के स्थानों को बढाकर एक हजार 205 कर दिया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि स्वास्थ्य विभाग ने आज एक लाख 14 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश में पंजीकृत हुए साढ़े चार लाख स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण 31 जनवरी तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर टीकाकरण स्थलों में बढ़ोतरी कर रहा है। अब तक दो हजार 410 टीकाकरण सत्र आयोजित किये गये हैं, जिसमें एक लाख 61 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा चुका है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना का टीका लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों में अभी तक किसी तरह के गंभीर साइड इफैक्ट नहीं दिखे हैं। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्यकर्मियों और आम जन से टीकाकरण करवाने और किसी तरह की भ्रांति से बचने का आह्वान किया है। इस बीच, राज्य में कल कोरोना के महज 125 नये केस रिपोर्ट हुए हैं। 33 में से 14 जिलों में कल एक भी नया मामला सामने नहीं आया, वहीं 13 जिलों में नये मामलों की संख्या 5 से कम रही। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाश्वाणी समाचार, जयपुर।
गुजरात में कोविड से संक्रमित होने वालों की संख्या में लगातार कमी हो रही है। स्वस्थ होने की दर 96 दशमलव सात-चार प्रतिशत हो गई है।
गुजरात में पिछले 24 घंटो में कोविड-19 संक्रमण के तीन सौ 80 नए मामले सामने आये। इस के साथ ही राज्य में अब तक सामने आये कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर दो लाख 59 हजार आठ सौ 67 हो चुकी है, जिसमें से 2 लाख 51 हजार 400 मरीज ठीक हो चुके हैं। कल छह सौ 37 मरीजों के ठीक होने के साथ अस्पतालों से छुट्टी दी गई। संक्रमण के 89 नए मामले अहमदाबाद में दर्ज हुए, जब की सूरत में 81 नये मामले सामने आये। राज्य में इस वक्त 4 हजार 86 सक्रिय मामले है, जिसमें से 45 मरीजों को वेंटीलेटर पर रखा गया है। कल 2 मरीज़ों की मृत्यु के साथ राज्य में कोविड-19 से जान गवाने वाले मरीजों की संख्या चार हजार तीन सौ 81 हो गई है। योगेश पंड्या आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
बिहार में अब तक 88 हजार दो सौ सात लोगों को कोविड टीका लगाया जा चुका है। राज्य के किसी भी हिस्से से टीके के दुष्प्रभाव की सूचना नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कहा है कि राज्य सरकार ने पहले चरण का टीकाकरण फरवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
इस बीच, बिहार में कोविड से अब तक दो लाख 56 हजार 230 मरीज ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या निरन्तर कम हो रही है। इस समय दो हजार 265 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
राज्य में कोविड से स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव पांच-छह प्रतिशत हो गई है। अब तक बिहार में कोविड के दो करोड़ 56 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई है।
गणतंत्र दिवस के कारण जिन इलाकों में कल टीकाकरण नहीं किया जा सका। उन इलाकों में स्वास्थ्य कर्मियों को आज टीके लगाये जायेंगे। राज्य सरकार ने फरवरी तक टीकाकरण के पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 15 फरवरी के बाद उन लोगों को वैक्सीन को दूसरा डोज दिया जायेगा। जिन्हें पहला डोज दिया जा चुका है। इस बीच, राज्य में दो लाख 56 हजार दो सौ तीस रोगी कोरोना संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार तेजी से कमी हो रही है। इस समय विभिन्न अस्पतालों में दो हजार दो सौ 65 मरीजों का इलाज चल रहा है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव 56 प्रतिशत पहुंच गई है। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से कृष्ण कुमार लाल।
झारखंड में कोविड टीकाकरण अभियान के पहले चरण में अब तक 18 हजार 413 लोगों को कोविशील्ड टीका लगाया गया है।
इस बीच, 16 हजार 589 लोग कोविड से ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस रोग से स्वस्थ होने की दर 98 दशमलव चार-चार प्रतिशत हो गई है। इस समय वहां केवल सात सौ 72 लोग संक्रमित हैं। सक्रिय मामलों की संख्या में निरन्तर कमी आ रही है। झारखंड में अब तक 51 लाख 68 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच हो चुकी है।
मध्यप्रदेश में अब तक दो लाख 47 हजार से अधिक लोग कोविड संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। कल पांच सौ 15 मरीज संक्रमण से मुक्त हुए।
प्रदेश में कल कोविड के 228 नए पॉजिटिव मामले सामने आये है। कोविड पाजिटिविटी दर निरंतर घट रही है। कल पाजिटिविटी दर 1 दशमलव 1 थी। प्रदेश के 11 जिलों में एक भी कोविड पॉजिटिव मामला कल दर्ज नहीं किया गया है। प्रदेश में कल कोविड से 2 मरीज़ों की मृत्यु हुई है। कोविड से मरने वालों की कुल संख्या 3 हज़ार 7 सौ 93 है। इस बीच प्रदेश में कोरोना टीकाकरण कार्य सुचारू रूप से जारी है। अब तक 67 हजार 400 व्यक्तियों को टीका लगाया गया है। पूजा पी वर्धन आकाशवाणी समाचार भोपाल।
तेलंगाना में कोविड महामारी के लिए टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से चल रहा है और अब तक एक लाख 30 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाये जा चुके हैं। निजी क्षेत्र के स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों को कल टीका लगाया जायेगा। राज्य के जन स्वास्थ्य निदेशक डॉ. श्रीनिवास राव के अनुसार टीका लगने के बाद अब तक किसी की तबीयत खराब होने का कोई मामला सामने नहीं आया है।
इस बीच पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में महामारी के 147 नए मामले दर्ज किये गए हैं। तेलंगाना में अब तक कुल दो लाख 93 हजार 737 लोग कोविड महामारी की चपेट में आए हैं। राज्य में अब तक दो लाख 89 हजार 325 लोग महामारी स्वस्थ हुए हैं।
मिजोरम में कोविड संक्रमण के मामले लगातार कम हो रहे हैं। इस समय वहां 47 सक्रिय मामले हैं। स्वस्थ होने वालों की दर 98 दशमलव सात एक प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के तीन नये मामले सामने आए तथा दो लोग ठीक भी हुए हैं।
संसद के बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए राज्यसभा सभापति एम वेंकैया नायडू ने 31 जनवरी को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 29 जनवरी को सर्वदलीय बैठक बुला सकते हैं। सरकार ने भी लोकसभा और राज्यसभा के सुचारू संचालन के लिए 30 जनवरी को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है।
संसद का बजट सत्र 29 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक के संबोधन के साथ शुरू हो रहा है।
पहली फरवरी को केन्द्रीय बजट प्रस्तुत किया जाएगा। कोविड महामारी को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही सुबह नौ बजे से दिन में दो बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही शाम चार बजे से रात्रि नौ बजे तक चलेगी। बजट सत्र का पहला भाग 15 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा भाग 8 मार्च से 8 अप्रैल तक चलेगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा का दो दिन का विशेष सत्र आज शुरू हुआ। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और अन्य दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। कल सदन में केन्द्र द्वारा पारित तीन कृषि कानूनों के विरोध में प्रस्ताव पेश किए जाने की संभावना है। सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस ने सदन में सभी सदस्यों को उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इस वर्ष भारत की विकास दर 11.5 प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो कोरोना संकट के इस दौर में भारत दुनिया का ऐसा एकमात्र देश होगा जिसकी वृद्धि दर दहाई अंक में होगी। इस अनुमान ने एक बार फिर भारत को सबसे तेज़ी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था वाला देश बना दिया है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का कहना है कि पिछले वर्ष भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर का अनुमान 8 प्रतिशत था। कोष ने ताज़ा अनुमान में कहा है कि इस वर्ष चीन की वृद्धि दर 8.1 प्रतिशत, स्पेन की 5.9 और फ्रांस की 5.5 प्रतिशत रहने का रहने का अनुमान है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अनुसार, अगले वर्ष यानी 2022 में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत जबकि चीन की 5.6 प्रतिशत रहने की संभावना है।
इस महीने के शुरु में, कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने कहा था कि भारत ने कोरोना और अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव से निपटने के लिए वास्तव में बहुत ठोस कदम उठाए हैं।
आकाशवाणी के साथ खास बातचीत में अर्थशास्त्री नवीन गुप्ता ने बताया कि भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में बहुत तेजी से बढ़ रही है।
ये बड़ी खुशी की बात है कि जब बजट आने वाला है उससे पहले आईएमएफ ने वर्ल्ड की जो इकोनॉमिस हैं उनकी ग्रोथ पोजिशन्स के बारे में बात की है। जो साल 2021 में रहेगी और उसमें उन्होंने बताया है कि हिन्दुस्तान 2021 में 11.5 पर्सेंट जीडीपी के रेट से ग्रो करेंगे। वर्ल्ड में खाली एक इकोनॉमी होगी जो डबल डिजिट ग्रोथ रेट दिखाएगी और ये खाली इंडियन इकोनॉमी होगी। जो सबसे तेजी से ग्रो करेगी और ये इसलिए हुआ है क्योंकि कोविड से निकलने के बाद हमने बड़ी स्ट्रोंग फंडामेंटल्स दिखाए हैं। जीएसटी की कलेक्श्ान हमारी लगातार एक लाख करोड़ से ज्यादा रही है। मेनुफेक्चरिंग जो थी हमारी जुलाई-सितम्बर की वो पॉजिटिल पॉइंट 6 पर्सेंटेज रही थी। एग्रजीकल्चर जो है हमारा से 3.4 पर्सेंट रेट से ग्रो किया। तो इलेक्ट्रीसिटी, गैस, वॉटर सप्लाई का मापदंड है वो 4.4 पर्सेंट से ग्रो किया और जो सबसे बड़ा इंडीकेटर रहता है फौरन एक्सचेंज रिजर्व वो हमारे ऑल टाइम हाई पे है।
केन्द्रीय मंत्रिमण्डल की आर्थिक मामलों की समिति ने खोपरा के न्यूनतम समर्थन मूल्य को दस हजार 335 रूपये प्रति क्विंटल करने को मंजूरी दे दी है। यह वर्ष 2020 की कीमतों से 375 रूपये अधिक है। केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने आज नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि इस फैसले से खोपरे की खेती करने वाले लाखों किसानों को विशेषकर 12 तटीय राज्यों के किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की भलाई के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उठाये गये कदमों के क्रम में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
श्री जावड़ेकर ने कहा कि ऐसा देखा गया है कि जब सरकार कीमतों को बढाती है, तो बाजार में भी इसका सकारात्मक असर पडता है।
सरकार ने कहा है कि मौजूदा खरीफ विपणन सत्र में 84 लाख से अधिक किसानों को फायदा हुआ। इस दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर एक लाख दस हजार करोड़ रुपये से अधिक की खरीद हुई। कृषि मंत्रालय ने बताया कि सरकार अपनी मौजूदा योजनाओं के अनुसार, किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद जारी रखे हुए है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित 20 राज्यों से करीब 587 लाख टन धान की खरीद हुई है। यह पिछले साल 488 लाख टन की खरीद के मुकाबले 20 दशमलव दो आठ प्रतिशत अधिक है।
सरकार ने अपनी मुख्य एजेंसियों के जरिए तीन लाख टन मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की खरीद भी की है, जिससे करीब एक लाख 62 हजार किसानों को लाभ हुआ।
वित्त मंत्रालय ने ग्रामीण स्थानीय निकायों को अनुदान राशि उपलब्ध कराने के लिए 18 राज्यों को 12 हजार 351 करोड़ रूपये से अधिक की राशि जारी की है। वित्त वर्ष 2020-21 में जारी की जाने वाली अनुदान राशि की यह दूसरी किस्त है। यह सहायता उन 18 राज्यों को दी गई है जिन्होंने पहली किस्त का उपयोग कर लिए जाने के बारे में प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिये हैं। ग्रामीण स्थानीय निकायों को अनुदान राशि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार सामुदायिक परिसंपत्तियों के सृजन और इन संगठनों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए दी जाती है। अनुदान राशि पंचायती राज प्रणाली के तीनों स्तरों यानी ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर की संस्थाओं को दी जाती है।
15वें वित्त आयोग ने क्षेत्रिय स्थानीय निकायों के लिए दो तरह के अनुदानों की सिफारिश की है। बुनियादी अनुदान राशि का उपयोग स्थानीय निकायों को अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने लिए दिया जाता है और इसमें वेतन तथा स्थापना संबंधी खर्च शामिल नहीं होते। दूसरी तरह की संबद्ध अनुदान राशि का उपयोग स्वच्छता और खुले में शौच से मुक्त का दर्जा बरकरार रखने तथा पेय जल आपूर्ति, वर्षा जल संचय और गंदे पानी की सफाई के लिए किया जाता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत सहायता राशि की दूसरी और तीसरी किस्त के 2 हजार 409 करोड रुपये राज्य के 3 लाख 42 हजार लाभार्थियों को अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री राज्यभर के लाभार्थियों को गोरखपुर से सीधे यह राशि अंतरित करेंगे। वे राज्य के पांच जिलों के पांच-पांच लाभार्थियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत भी करेंगे।
हमारे गोरखपुर संवाददाता ने खबर दी है कि मुख्यमंत्री चौरीचौरा भी जाएंगे जहां वे 1922 में हुई ऐतिहासिक घटना की स्मृति में आयोजित किये जा रहे शताब्दी समारोह की तैयारियों का जायजा लेंगे। समारोह की शुरुआत अगले महीने की चार तारीख को होगी और यह पूरे साल चलेगा। इस सिलसिले में राज्य भर में समारोहों के आयोजन के साथ-साथ निबंध प्रतियोगिताओं, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और चित्रकला प्रतियोगिताओं तथा पुस्तक मेलों और प्रदर्शनियों की भी आयोजन किया जाएगा।
चौरीचौरा शताब्दी समारोह के प्रतीक चिह्न का विमोचन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले सप्ताह लखनऊ में आयोजन समिति की पहली बैठक में संयुक्त रूप से किया था।
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कल्याणी में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में आज से बाह्य रोगी विभाग-ओपीडी की शुरूआत हो गई है। आठ विभागों से प्रारंभ इस सुविधा को इस वर्ष के अंत तक पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा।
केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषदों के प्रमुखों के चुनाव फरवरी में कराए जाएंगे। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया है कि जिला विकास परिषद अध्यक्षों के पदों के आरक्षण के बारे में अंतिम निर्णय फरवरी के पहले सप्ताह में ले लिया जाएगा। राज्य के निर्वाचन आयोग ने इसके लिए एक मसौदा प्रस्ताव तैयार किया है।
असम में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र में जनता के विचार शामिल करने के उद्देश्य से मोबाइल वैन को रवाना किया है। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, पूर्वोत्तर जनतांत्रिक गठबंधन - नेडा के संयोजक हिमंता बिस्वा सरमा और गुवाहाटी की सांसद क्वीन ओजा की उपस्थिति में वैन को रवाना किया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि पचास मोबाइल वैन एक सौ 26 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता की राय लेगी। इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों के बारे में लोगों को जागरूक करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की दृढ इच्छा के कारण काज़ीरंगा राष्ट्रीय पार्क में गेंडों के अवैध शिकार पर रोक लग सकती है।
अमरीका ने दक्षिण एशिया के तीन देशों की यात्रा के बारे में नया परामर्श जारी करते हुए अपने नागरिकों से कहा है कि वे पाकिस्तान और बंगलादेश की यात्रा करने पर पुनर्विचार करें तथा अफगानिस्तान की यात्रा पर न जाएं। विदेश विभाग ने कल इन तीन देशों की यात्रा के बारे में अलग से परामर्श जारी किया है। परामर्श में कोविड-19, आतंकवाद और जातीय हिंसा के कारण पाकिस्तान की यात्रा पर विचार करने को कहा गया है। अमरीका नागरिकों को पाकिस्तान में बलूचिस्तान और खैबर पख्तुनख्वा प्रांतों में आतंकवाद और अपहरण की घटनाओं के कारण न जाने की सलाह दी गई है।
कोविड-19 के कारण अपने नागरिकों से बंगलादेश की यात्रा पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करते हुए विदेश विभाग ने कहा है कि अपराध, आतंकवाद और अपहरण की घटनाओं के कारण बंगलादेश जाते समय अधिक सजग रहें।
एक अन्य परामर्श में विदेश विभाग ने अमरीकी नागरिकों से कोविड-19, अपराध, आतंकवाद, गृह अशांति, अपहरण और सशस्त्र संघर्ष के कारण अफगानिस्तान की यात्रा न करने को कहा है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल-आई.सी.सी. ने आज दुबई में आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ यानी महीने के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी का सम्मान शुरू करने की घोषणा की है। इस पुरस्कार के जरिये विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले पुरूष और महिला क्रिकेट खिलाडि़यों को सम्मानित किया जायेगा।
एक वक्तव्य में आईसीसी ने कहा है कि सम्मानित किये जाने वाले खिलाडि़यों का चयन मतदान के जरिये किया जायेगा जिसमें दुनिया भर के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी, पत्रकार और प्रसारक और क्रिकेट प्रेमी महीने के सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरूष क्रिकेटर का चयन करेंगे।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री इडाप्पड्डी पलनिस्वामी ने आज चेन्नई में जयललिता स्मारक का उद्घाटन किया। इसका निर्माण मरीना बीच पर नौ एकड़ जमीन पर किया गया है। फीनिक्स के आकार के इस स्मारक में जयललिता और एम.जी.रामचन्द्रन की प्रतिमाएं की रखी गई हैं और एक कृत्रिम झरना भी बनाया गया है। इसका निर्माण रिकार्ड 30 महीने की अवधि में किया गया है। उद्घाटन समारोह को देखने के लिए तमिलनाडु के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ऑल इंडिया अन्ना डीएमके कार्यकर्ता चेन्नई पहुंचे।
यह संयोग है कि आज ही के दिन दिवंगत जयललिता की घनिष्ठ सहयोगी वी.के. ससिकला को परप्पना अग्रहारम जेल से रिहा किया जा रहा है।
राजधानी दिल्ली में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसक घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस ने कानून के उल्लंघन, दंगा करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और घातक हथियारों से सरकारी कर्मियों पर हमला करने के आरोप में लगभग 24 मामले दर्ज किए हैं। दिल्ली पुलिस स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है। किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान पुलिस और किसानों के बीच कल पूरे दिन संघर्ष जारी रहा।
इस बीच, दिल्ली के पुलिस आयुक्त एस.एन. श्रीवास्तव ने आंदोलनकारी किसानों से हिंसा न करने को कहा है। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की।
हरियाणा पुलिस ने पलवल जिले के सोफ्ता गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर किसानों के प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने वाले लगभग दो हजार दो सौ प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे अवरोधों को तोडने का प्रयास किया और हिंसा फैलाई। पुलिस ने मामला दर्ज करके इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में शमसीपुरा क्षेत्र में एक स्कूल के पास हुए धमाके में सेना के चार जवान घायल हो गये।
वरिष्ठ पुलिस सूत्रों ने हमारे संवाददाता को बताया है कि सेना के अग्रिम गश्ती दल में शामिल इन जवानों को श्रीनगर स्थित सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस धमाके से स्कूल की इमारत भी क्षतिग्रस्त हुई है। पूरे इलाके की नाकेबंदी करके तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
सेना के जनसम्पर्क अधिकारी ने श्रीनगर में एक बयान में कहा कि यह एक ग्रेनेड हमला था।
अब, एक नजर आज के मौसम पर-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान पांच डिगी सैल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मुंबई में आसमान साफ है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। चेन्नई में तापमान 20 और 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। कोलकाता में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किय़ा गया जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रहने के आसार हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे रहा और अधिकतम छह डिग्री सेल्सियस रहेगा। जम्मू में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतकम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। लेह में आसमान साफ है। गिलगित में तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और अधिकतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मुज़फ़्फ़राबाद में आसमान साफ है। न्यूनतम तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। समाचार कक्ष से आरती मल्होत्रा।
कोविड महामारी के असर से बांग्लादेश के सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर वर्ष 2020 में घटकर शून्य दशमलव पांच प्रतिशत रह गई है, जबकि इससे पहले 2019 में यह आठ दशमलव चार प्रतिशत रही थी। संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग की रिपोर्ट में बताया गया है कि बांग्लादेश के सकल घरेलू उत्पाद में गिरावट को रोकने में वर्ष की दूसरी छमाही में व्यापार और विदेशों से भेजी जाने वाली राशि की कुछ भूमिका रही।
वर्ष 2021 में दक्षिण एशिया की विकास दर छह दशमलव नौ प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त करते हुए संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में बताया गया है कि इससे 2020 में हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो पायेगी।