मुख्य समाचार :-
राष्ट्र आज 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राजपथ पर परेड की सलामी ली।
गणतंत्र दिवस परेड में सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता तथा सामाजिक और आर्थिक प्रगति का भव्य प्रदर्शन किया गया।
भारतीय वायु सेना में हाल ही में शामिल रफाल लडाकू विमान ने अपनी गर्जना से लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
एस.पी. बालासुब्रह्मण्यम, रामविलास पासवान और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे सहित एक सौ उन्नीस लोगों को पद्म पुरस्कार देने की घोषणा।
गलवान घाटी के नायक कर्नल संतोष बाबू को मरोणोपरांत महावीर चक्र।
----------------
कोविड महामारी के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान एहतियाती उपायों का संकल्प लें।
मास्क पहनें
दो गज दूरी, है जरूरी।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
हाथ और मुंह साफ रखें।
राष्ट्र आज 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मना रहा है। मुख्य समारोह राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के राजपथ पर आयोजित किया गया जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
गणतंत्र दिवस समारोह में देश की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता तथा सामाजिक और आर्थिक प्रगति का भव्य प्रदर्शन किया गया। समारोह में 32 झांकियां प्रदर्शित की गई जिनमें से 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की, नौ विभिन्न मंत्रालयों और विभागों तथा अर्धसैनिक बलों की और 6 रक्षामंत्रालय की थीं। इन झांकियों में कार्बन न्यूट्रल लद्धाख की परिकल्पना को प्रदर्शित करने वाली झांकी प्रदर्शित की गई।
गुजरात में मोढेरा के सूर्य मंदिर, असम के चाय बगानों से जुड़ी जनजातियों और छत्तीसगढ़ के लोकसंगीत की मधुर ध्वनियों वाली झांकियां शामिल थीं। उत्तर प्रदेश की झांकी भी इस बार आकर्षण का केंद्र रहीं।
इसके अलावा डिजिटल भारत, चार श्रम कानूनों, आत्मनिर्भर भारत अभियान, न्यू इंडिया-वोकल फॉर लोकल और सीआरपीएफ तथा बीआरओ की झांकियां भी इस परेड में शामिल थीं। स्कूलों के बच्चों ने ओडिसा का बजा साल नृत्य, तमिलनाडु का लोकनृत्य और हम फिट तो इंडिया फिट तथा आत्मनिर्भर भारत के विषयों पर नृत्य प्रस्तुत किए।
राफाल लड़ाकू विमान गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष रूप से प्रदर्शित किए गए। परेड का समापन वायु सेना के विमानों के फ्लाईपास्ट से हुआ।
गणतंत्र दिवस परेड में राफाल विमानों के साथ-साथ दो जगुआर लड़ाकू विमान और मिग-29 विमान भी शामिल थे। मिग विमानों ने राजपथ के ऊपर तीन सौ मीटर की ऊंचाई पर सात सौ 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से एकलव्य फॉरमेशन में उड़ान भरी। परेड का समापन रफाल विमान की उड़ान से हुआ जिसमें इस विमान ने राजपथ के ऊपर नौ सौ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पांच राफाल विमानों को पिछले साल भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड में वायुसेना के कुल 38 विमानों ने भाग लिया। वायुसेना के विमानों ने त्रिनेत्र फॉरमेशन में भी अपने करतब दिखाए जिसमें तीन सुखोई- 30 एम.के.आई. विमानों ने पहले एक सीध में उड़ान भरी और उसके बाद उनमें से एक ऊपर की ओर बाकी दो दायीं तथा बायीं दिशा में त्रिशूल की आकृति बनाते हुए निकल गए।
समारोह के दौरान स्वदेश में विकसित मुख्य युद्धक टैंक टी-90 भीष्म, इनफैंट्री कॉम्बैट व्हीकल बी.एम.पी.-.द्वितीय, ब्रह्मोस अस्त्र प्रणाली, पुल बनाने वाला पिनाक टैंक टी-72 और समविजय इलेक्ट्रॉनिक सामरिक प्रणाली परेड का मुख्य आकर्षण रहे। नौसेना की झांकी स्वर्णिम विजय वर्ष भी परेड में प्रदर्शित की गई, जिसमें 1971 में पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर भारतीय नौसेना के हमले को दिखाया गया है।
गणतंत्र दिवस समारोह के तहत कार्यक्रमों की शुरूआत आज सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के बाद 21 तोपों की सलामी दी गई।
इस साल कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए परेड के गुजरने के मार्ग को छोटा कर दिया गया था। परेड की शुरूआत हमेशा की तरह विजय चौक से हुई लेकिन यह लालकिले की बजाय नेशनल स्टेडियम में जाकर संपन्न हुई।
इस बार करीब 25 हजार दर्शकों को परेड देखने की अनुमति दी गई थी जबकि आमतौर पर करीब एक लाख 15 हजार दर्शक इसे देखते हैं। महामारी की वजह से इस बार 15 साल से कम उम्र के बच्चों और गंभीर बीमारी से पीड़ित बुजुर्गों को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई थी। इस वर्ष किसी दूसरे देश के गणमान्य व्यक्ति को मुख्य अतिथि भी नहीं बनाया गया था। समारोह में कोविड महामारी से संबंधित एहतियात के सभी उपायों का पालन किया गया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा है कि भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में काफी प्रगति की है और आर्थिक सुधारों के क्षेत्र में भी लगातार आगे बढ़ रहा है।
मेरे प्यारे देशवासियों, नमस्कार! विश्व के सबसे बड़े और जीवंत लोकतन्त्र के आप सभी नागरिकों को देश के 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हार्दिक बधाई! विविधताओं से समृद्ध हमारे देश में अनेक त्योहार मनाए जाते हैं, परंतु हमारे राष्ट्रीय त्योहारों को, सभी देशवासी, राष्ट्र-प्रेम की भावना के साथ मनाते हैं। गणतन्त्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व भी, हम पूरे उत्साह के साथ मनाते हुए, अपने राष्ट्रीय ध्वज तथा संविधान के प्रति सम्मान व आस्था व्यक्त करते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि कृषि और श्रम के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लम्बित पड़े सुधारों की प्रक्रिया को कानून बनाकर आगे बढ़ाया जा रहा है। 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हर भारतीय को किसानों का अभिनन्दन करना चाहिए जिन्होंने इतने बड़े पैमाने पर उत्पादन किया और बड़ी जनसंख्या वाले देश को अनाज और डेयरी उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया।
राष्ट्रपति ने कहा कि मेहनतकश किसानों ने जिस तरह देश की खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित बनाया उसी तरह कठिन परिस्थितियों में देश के वीर जवानों ने राष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा की।
हमारी सेनाओं के बहादुर जवान, कठोरतम परिस्थितियों में, देश की सीमाओं की सुरक्षा करते रहे हैं। लद्दाख में स्थित, सियाचिन व गलवान घाटी में, माइनस 50 से 60 डिग्री सेन्टीग्रेड तापमान में, सब कुछ जमा देने वाली सर्दी से लेकर, जैसलमर में, 50 डिग्री सेन्टीग्रेड से ऊपर के तापमान में, झुलसा देने वाली गर्मी में - धरती, आकाश और विशाल तटीय क्षेत्रों में - हमारे सेनानी भारत की सुरक्षा का दायित्व हर पल निभाते हैं। हमारे सैनिकों की बहादुरी, देशप्रेम और बलिदान पर हम सभी देशवासियों को गर्व है।
श्री कोविंद ने कहा कि महामारी के समय हमारे प्रभावकारी तंत्रों ने अमूल्य योगदान दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि देशवासियों ने आपस में परिवार की तरह एकजुट होकर महामारी के समय अनुकरणीय त्याग और सेवा का परिचय दिया है।
राष्ट्रपति ने कहा कि दवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को देखते हुए आज भारत को फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड कहना उचित है क्योंकि देश आज समूचे विश्व में महामारी से निपटने और मानवता के लाभ के लिए कई देशों को दवाओं और स्वास्थ्य उपकरणों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत विश्व को टीका उपलब्ध करा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि गणतंत्र दिवस हर भारतीय के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
आज का दिन, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन, 71 वर्ष पहले, हम भारत के लोगों ने, अपने अद्वितीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। इसलिए, आज, हम सभी के लिए, संविधान के आधारभूत जीवन-मूल्यों पर गहराई से विचार करने का अवसर है।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। एक ट्वीट संदेश में श्री नायडू ने लोगों से कहा है कि वे संविधान में दिए गए स्वतंत्रता, समानता, भाईचारे और न्याय जैसे आदर्शों के प्रति अपने आपको समर्पित करें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर लोगों को बधाई दी है। गृहमंत्री अमितशाह ने कहा है कि गणतंत्र दिवस भारत की बहुरंगी विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं दी है। एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और भारत कोरोना वायरस महामारी से मानवता को मुक्ति दिलाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। श्री जॉनसन को गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था लेकिन ब्रिटेन में कोविड के नए स्ट्रेन के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उन्हें अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा था।
उत्तर प्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों, शैक्षिक संस्थाओं, मदरसों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। बाद में उन्होंने विधानसभा भवन के सामने आयोजित गणतंत्र दिवस परेड समारोह में भी हिस्सा लिया। उन्होंने इस बार पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले राज्य के जाने-माने लोगों और बहादुरी पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों को शुभकामनां दी। उन्होंने राज्य के लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने की शपथ लेने का भी आग्रह किया।
मध्यप्रदेश में 72वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनया गया। हमारी संवाददाता ने बताया है कि विधानसभा अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने असाधारण सेवा के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों तथा संस्थानों को पुरस्कार भी वितरित किए।
"मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एसएएफ ग्राउंड, रीवा में तिरंगा फहराया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और प्रदेशवासियों के सहयोग से हम कोरोना महामारी पर विजय की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश' के रोडमैप के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। हमारा प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। राज्य में मुख्य समारोह भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित किया गया, जहां विधानसभा अध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा उनकी उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए आकर्षक झांकीयां भी निकाली गई। साथ ही विशेष सशस्त्र बल, स्पेशल टास्क फोर्स, जिला पुलिस बल ने प्रभावशाली मार्च पास्ट किया। प्रदेश के मंत्रियों और जिला कलेक्टरों ने विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पूजा पी वर्धन, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
महाराष्ट्र में आज 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोउल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुंबई में शिवाजी पार्क मैदान में एक रंगारंग कार्यक्रम में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने राष्ट्र धव्ज फहराया।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य ने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और विभिन्न अग्रणी कंपनियों के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर कर दो लाख करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि भारी निवेश सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे 2 लाख से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उद्धव ठाकरे सहित राज्य सरकार, रक्षा और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान कोविड -19 नियमों का कड़ाई से पालन किया गया, जहाँ सभी गणमान्य मास्क पहने और शारीरिक दूरी बनाए दिखाई दिए। राज्यपाल कोश्यारी ने यह भी बताया कि लॉकडाउन अवधि के दौरान, एक लाख से अधिक प्रत्येक निर्माण और माथाडी श्रमिकों को पांच हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री, उद्धव ठाकरे ने भी मुंबई में अपने सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया। जिला स्तर पर, संबंधित जिलों के पालक मंत्रियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कुणाल शिंदे आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
कर्नाटक में भी आज 72वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्यपाल वुजुभाई वाला ने बेंगलुरू में तिरंगा फहराया।
गुजरात में भी आज 72वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्तिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्यपाल आचार्य देवव्रर्त ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी उपस्थित थे।
72वां गणतंत्र दिवस गुजरात में कोविड 19 के कड़े नियमो के साथ उत्साह पूर्ण रूप से मनाया जा रहा है। राज्य का मुख्य समारोह मध्य गुजरात के जनजातीय जिला दाहोद में आयोजित किया गया। भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा गुलाब के फूलो की वर्षा के बीच राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने तिरंगा लहराया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्य मंत्री श्री विजय रुपाणी ने इस अवसर पर परेड और मार्च पास्ट का निरीक्षण किया। इस शानदार मार्चपास्ट में सूरत और वड़ोदरा के महिला पुलिस की प्लाटूनों ने भी हिस्सा लिया। मोटर साईकिल स्टंट और अश्व शो आकर्षण के मुख्य केंद्र रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदिवासी नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। गणतंत्र दिवस के समारोह राज्य के अन्य सभी जिलों में भी आयोजित किये गए। योगेश पंड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आज गुजरात के अहमदाबाद स्थित संगठन मुख्यालय में झंडारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश के संविधान में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का उल्लेख किया गया है।
छत्तीसगढ़ में राज्यपाल अनुसुइया उइके ने राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। वाम उग्रवाद से प्रभावित बस्तर मंडल के जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित एक अन्य समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तिरंगा फहराया।
ओडिशा में राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल ने भुवनेश्वर के गांधी मार्ग पर आयोजित रंगारंग गणतंत्र दिवस परेड के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
पुदुच्चेरी में गणतंत्र दिवस समारोह इंदिरा गांधी खेल परिसर में आयोजित किया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उपराज्यपाल किरण बेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
उपराज्यपाल डॉ किरण बेदी ने पुद्दुचेरी सशस्त्र पुलिस द्वारा प्रस्तुत गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड्स, फायर सर्विस और पूर्व सैनिकों की विभिन्न टुकड़ियों ने मार्च-पास्ट किया गया। कोविड महामारी को देखते हुए, सीमित संख्या में ही लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। इस वर्ष छात्रों को मार्च पास्ट करने की अनुमति नहीं दी गई। छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रशासनिक विभागों की उपलब्धियों को दर्शाती झाकियां भी रद्द कर दी गईं। कराईकल क्षेत्र में जिला कलेक्टर अर्जुन शर्मा और यानम क्षेत्र में, क्षेत्रीय प्रशासक शिवराज मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अरियांकुप्पम पुलिस स्टेशन में पुलिस उप-निरीक्षक श्री राजा को उनकी सेवाओं के चलते राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुना गया है, जो उन्हें इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। पुदुचेरी से चंद्र मोहन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
असम में 72वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल प्रो0 जगदीश मुखी ने गुवाहाटी के खानापाड़ा में तिरंगा फहराया। समारोह में मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में 72वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह लेह के पोलो ग्राउंड में आयोजित किया गया।
कई अन्य राज्यों से भी गणतंत्र दिवस समारोह मनाये जाने की खबरें मिली है।
सरकार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। सात व्यक्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इनमें जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, मूर्तिकार सुदर्शन साहू और इस्लामी विद्वान वहीदुद्दीन खान शामिल है। जाने माने गायक स्वर्गीय एस. पी. बालासुब्रमण्यम को मरणोपरांत दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
10 व्यक्तियों को पद्मभूषण के लिए चुना गया है। इनमें लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, जानी मानी पार्श्व गायिका के एस चित्रा, वरिष्ठ कन्नड़ कवि चन्द्रशेखर कम्बारा, और सेवा निवृत्त लोकसेवक नृपेन्द्र मिश्रा शामिल हैं। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय केशुभाई पटेल, असम के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय तरुण गोगोई और पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय राम विलास पासवान को मरणोपरांत पद्मभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
102 व्यक्तियों को पद्मश्री से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। इनमें समाजसेविका सिंधुताई सपकाल, ब्रिटिश फिल्म निर्देशक पीटर ब्रूक और ग्रीक इंडोलॉजिस्ट निकोलस कज़ानस शामिल हैं। गोवा की पूर्व राज्यपाल मृदुला सिन्हा, भारतीय मूल के स्पेनिश नागरिक के जेसूट प्रिस्ट और स्वर्गीय लेखक फादर वालेस को मरणोपरांत पद्मश्री से अलंकृत किया जाएगा। इन पुरस्कारों की सूची में अनेक भूले-बिसरे नायक शामिल किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पद्म पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि हमें उन सभी पर गर्व है जिन्हें पद्म अलंकरणों के लिए चुना गया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत राष्ट्र और व्यापक मानवता के हित में उनके योगदान का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से पुरस्कार के लिए चुने जाने वाले इन असाधारण व्यक्तियों ने अन्य लोगों के जीवन में गुणात्मक बदलाव लाने में योगदान दिया है।
राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों के कर्मियों को 455 वीरता और अन्य रक्षा अलंकरणों की मंजूरी दी है।
इनमें एक महावीर चक्र, 5 कीर्ति चक्र, 5 वीर चक्र, 7 शौर्य चक्र, वीरता के चार सेना पदक पर बार, 130 सेना पदक, एक नौसेना पदक, 4 वायुसेना पदक , 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 51 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 11 युद्ध सेवा मेडल, कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए 3 बार वाले सेना मेडल, दो कोविड वारियर्स सहित 43 सेना मेडल, 8 नौ सेना मेडल, 14 वायु सेना मेडल, एक कोविड वारियर समेत 3 विशिष्ट सेवा मेडल पर बार और 12 कोविड वारियर समेत 131 विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं। 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बी संतोष बाबू को मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया जाएगा। जिन्होंने पिछले वर्ष गलवान घाटी में संघर्ष के दौरान अपनी शहादत दी थी।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए के एक अधिकारी को उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और जांच एजेंसी के पांच अन्य अधिकारियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
देशप्रेम की भावना जगाने का वार्षिक कार्यक्रम भारत पर्व आज से वर्चुअल प्लेटफार्म www.bharatparv2021.com पर आयोजित किया जा रहा है, जो 31 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन स्थलों, व्यंजनों, हस्तशिल्प और अन्य विशिष्टताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला इस पर्व का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल भी उपस्थित रहेंगे।
पर्यटन मंत्रालय हर साल 26 से 31 जनवरी तक गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर लालकिले की प्राचीर के सामने इसका आयोजन करता आ रहा है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय और इसकी विभिन्न मीडिया इकाईयां भारत पर्व के लिए जोर-शोर से तैयारियां कर रही हैं। इसमें देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जायेगा।
पर्व में प्रसार भारती ने भी अपना वर्चुअल स्टॉल स्थापित किया है जिसमें एक भारत- श्रेष्ठ भारत को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रदर्शित किया जायेगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय की अन्य मीडिया इकाई लोक संपर्क और संचार ब्यूरो महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर केन्द्रित प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है।
उत्तर प्रदेश में अयोध्या में मस्जिद निर्माण की प्रतीकात्मक शुरूआत आज से हो गई। मस्जिद का निर्माण इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन द्वारा अयोध्या जिले के धानीपुर गांव में आवंटित जमीन पर किया जा रहा है।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि आज गणतंत्र दिवस समारोह पर फाउंडेशन के नौ सदस्यों ने राष्ट्रध्वज फहराया और मस्जिद के लिए आवंटित जमीन पर वृक्षारोपण कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरूआत की। फाउंडेशन के अध्यक्ष जफर फारूखी ने इस अवसर पर कहा कि मस्जिद के अलावा एक पुस्तकालय, अनुसंधान केंद्र और सामुदायिक लंगर भवन का भी निर्माण किया जाएगा।
दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानों ने आज ट्रैक्टर रैली के आयोजन की शर्तों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित समय से दो घंटे पहले ही अपनी रैली शुरू कर दी, जिससे पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई और राष्ट्रीय राजधानी में कुछ स्थानों पर अफरा-तफरी फैल गई। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि किसानों ने ट्रैक्टर रैली के लिए तय मार्ग का भी उल्लंघन किया और बैरिकेड तोड़ते हुए दूसरे रास्तों पर निकल गए। इससे पुलिस से साथ उनकी झड़प हो गई। मध्य दिल्ली में आईटीओ के पास पुलिस ने आंदोलनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
दिल्ली-पुलिस ने आंदोलन कर रहे किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने किसानों से आग्रह किया है कि वे कानून और व्यवस्था को अपने हाथों में न लें। पुलिस की ओर से यह अपील आंदोलनकारी किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली के लिए निर्धारित मार्ग को छोड़कर दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने के बाद जारी की गई है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में किसानों द्वारा हिंसक घटनाओं की भी खबर है।
इस बीच, दिल्ली में किसानो के आंदोलन और सुरक्षा संबंधी कारणों से राजधानी में कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं। ग्रीन लाईन पर सभी स्टेशनों में प्रवेश और निकास रोक दिया गया है। लालकिला मेट्रो स्टेशन में भी यात्रियों के दाखिल होने और बाहर निकलने के गेट बंद हैं। दिल्ली मेट्रो ने येलो लाइन पर पड़ने वाले समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18 और 19, हैदरपुर बादली मोड़, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर, आजादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्वविद्यालय, विधानसभा और सिविल लाइन्स स्टेशनों के गेट भी बंद कर दिए हैं। इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में कौशाम्बी जिले को कोरोना मुक्त जिला घोषित किया गया है। कौशाम्बी राज्य का पहला जिला है जहां काई भी व्यक्ति कोरोना से संक्रमित नहीं है।
कौशांबी जिले में कोविड का पहला मामला पिछले साल 5 अप्रैल को उस व्यक्ति में सामने आया था जो राजस्थान से लौटा था। पिछले 10 महीनों में 27 लोगों की जान जिले में इस वायरस से चली गई और इस दौरान 2 लाख से अधिक लोगों की जांच की गई। पिछले कई हफ्तों से जिले में कोरोना पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही थी और 23 जनवरी से जिले में कोरोना का एक भी मरीज मौजूद नहीं हैl जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस संबंध में शासन को रिपोर्ट भेज दी है। इस बीच राज्य में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की का प्रतिशत बढ़कर 97 दशमलव चार-दो हो गया है। राज्य में इस समय 6313 कोरोना पीडित मरीज हैं। प्रदेश में टीकाकरण का अगला चरण 28 और 29 जनवरी को प्रारंभ होगा उसके बाद 4 और 5 फरवरी को टीकाकरण किया जाएगा। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
आज का मौसम :-
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहा और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मुंबई में आसमान साफ रहेगा। चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कोलकाता में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा।
केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
जम्मू और लेह में आसमान साफ रहेगा।
गिलगित और मुजफ्फराबाद में बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।