मुख्य समाचारः -
दुनिया के सबसे बड़े कोरोना टीकाकरण अभियान की तैयारियां जोरों पर, वैक्सीन को पूरे देश में पहुंचाया जा रहा है।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय वायुसेना के लिए 83 तेजस लड़ाकू विमानों की खरीद को मंजूरी दी।
मकर संक्रांति का त्यौहार आज पूरे देश में मनाया जा रहा है।
अमरीका ने बंदियों से जबरदस्ती काम कराने के कारण चीन के शिनचियांग प्रांत से कपास और टमाटर उत्पादों के आयात पर रोक लगाई।
विश्व स्वास्थ्य संगठन का एक दल कोरोना महामारी की उत्पत्ति के कारणों का पता लगाने के लिए आज चीन के वुहान शहर पहुंचेगा।
दो बार महाभियोग का सामना करने वाले डॉनल्ड ट्रम्प पहले अमरीकी राष्ट्रपति।
----
कोविड महामारी के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान एहतियाती उपायों का संकल्प लें।
मास्क पहनें
दो गज दूरी, है जरूरी।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
हाथ और मुंह साफ रखें।
भारत में दुनिया का सबसे बड़ा कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम शुरु करने की तैयारियां जोरों पर है। अनेक विमानों से कोविड वैक्सीन देशभर के हवाई अड्डों पर पहुंचाई जा रही है, जहां से वैक्सीन को शहरों और कस्बों में भेजा जा रहा है। देश में कोविड टीकाकरण कार्यक्रम शनिवार से आरम्भ होना है। असम से गोवा और जम्मू-कश्मीर से केरल तक टीकों को सुचारु और सुरक्षित रूप से देश के कोने-कोने में पहुंचाया गया है।
सूत्रों के अनुसार सरकार की ओर से खरीदी गई कोविशील्ड वैक्सीन की एक करोड़ दस लाख खुराक का 75 प्रतिशत हिस्सा पिछले दो दिन में देश के लगभग 60 निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया गया। हैदराबाद की भारत बॉयोटेक कम्पनी में विकसित स्वदेशी कौवक्सीन की दो लाख 40 हजार खुराक पहले चरण में 12 शहरों में पहुंचाई गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के लिए उनके यहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या के अनुपात में वैकसीन का आवंटन किया गया है।
राष्ट्रीय प्राथमिकता सूची के अनुसार वैक्सीन सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम पंक्तियों के कर्मचारियों को दी जाएगी। प्रत्येक टीकाकरण सत्र में प्रतिदिन लगभग सौ लोगों को वैक्सीन दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कोविड वैक्सीन के आवंटन में किसी भी राज्य के साथ भेदभाव करने का सवाल ही नहीं है। सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को उनके स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या के अनुरूप कोविशील्ड और कोवैक्सिन टीके आवंटित किए गये हैं। वैक्सीन खुराक की ये शुरूआती आपूर्ति है और आने वाले समय में आवश्यकतानुसार टीके की और भी खुराक उपलब्ध करायी जायेगी।
मंत्रालय ने कहा है कि उसने राज्यों को सलाह दी है कि अभियान शुरू करें। अभियान के दौरान प्रतिदिन लगभग सौ लोगों के टीकाकरण को सुनिश्चित बनायें।
भारत बायोटेक ने कहा है कि देश के 11 शहरों में कोवैक्सीन की खेप पहुंचा दी गई हैं। कम्पनी ने भारत सरकार को सोलह लाख 50 हजार खुराक उपलब्ध कराई हैं। कोवैक्सीन पूरी तरह देश में निर्मित कोविड टीका है, जिसे भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद, राष्ट्रीय वायरोलॉजी संस्थान और भारत बायोटेक के सहयोग से हैदराबाद में बनाया गया है।
छत्तीसगढ में कल कोविड वैक्सीन की पहली खेप पहुंची। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विभिन्न जिलों में वैक्सीन ले जाने की कार्रवाई शुरू हो गई है।
छत्तीसगढ़ में कल पहली खेप के रूप में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविड-वैक्सीन कोवीशिल्ड की करीब तीन लाख 23 हजार खुराक पहुंची हैं। इन वैक्सीन को एयरपोर्ट से राज्य वैक्सीन भंडार गृह ले जाया गया। उसके बाद कल ही इन्हें रायपुर बिलासपुर और दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों में भेजने का काम शुरू हो गया है। आज इन्हें सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में भेजा जाएगा। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में करीब 267000 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए पूरे राज्य में 99 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। ये टीकाकरण केंद्र राज्य के मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों के अलावा कुछ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में स्थापित किए गए हैं। प्रदेश में 16 जनवरी से शुरू होने वाले कोविड टीकाकरण की सारी तैयारियां केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी कर ली गई है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि टीकाकरण अभियान 358 केन्द्रों से संचालित किया जाएगा। इसमें सबसे अधिक 50 केन्द्र मुंबई में जबकि 39 पुणे में और 29 ठाणे में हैं।
महाराष्ट्र में कोविड टीकाकरण के लिए लगभग 8 लाख स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया गया हैं और उन्हें पहले चरण में टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि राज्य में 358 केंद्रों द्वारा पहले दिन लगभग 35,000 स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्राप्त कोविड-19 टीके उनके निर्देशानुसार सभी जिलों में वितरित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया की महाराष्ट्र के सभी जिलों में 9,63,000 टीके वितरित किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर, महाराष्ट्र में कल कोविड-19 के 3,556 नए मामले सामने आए, जिससे कुल मरीजों की संख्या 19,78,044 हो गई। स्वस्थ होने पर कल 3,009 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जिसके साथ स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 18,74,279 हो गई। माधुरी पांगे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई
आकाशवाणी समाचार के साथ बातचीत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की डॉक्टर रूपाली मलिक ने कोविड वैक्सीन से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने इसकी खुराक और उसे लेने के अंतराल के बारे में बताया। उन्होंने यह भी बताया कि टीका लगने के बाद किस प्रकार शरीर में एंटीबॉडी विकसित होते हैं।
अभी जो भी वैक्सीन एवेलेवल हैं, उनकी सभी की दो डोजेज हैं। दो डोज जो कि हमने चार से छह हफ्ते के अंतराल पर लेनी होंगी। अभी जो डिसाइड किया गया है वो दूसरी वैक्सीन के लिए फोर वीक्स है यानि की 28 दिन। तो जो भी हम वैक्सीन लेंगे, वो दो डोजेज में लेंगे। इन्ट्रा मस्कूलर लेंगे और चार हफ्ते के अँतराल पर लेंगे। जो सेकेंड डोज ऑफ वैक्सीन है उसकी लगभग दो हफ्ते के बाद हम उम्मीद कर सकते हैं कि एंटीबॉडिज प्रोड्यूस होंगी और हमें कोविड-19 इन्फेक्शन से प्रोटेक्शन मिलेगी।
उन्होंने कोविड वैक्सीन को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने और भंडारण की कारगर प्रणाली के बारे में भी बताया।
सबसे इम्पोर्टेंट है कि हम सकारात्मक रहें कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रोग्राम को लेकर। इसमें विश्वास रखें और पॉजीटिव वाइव और पॉजीटिव मेंटल जो आपका अप्रोच है, वो रखें इस कोविड-19 वैक्सीनेशन को लेकर। मैं यही कहना चाहूंगी कि आप डरे नहीं, फीयरफुल न हों केयरफुल हों।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी कोविड वैक्सीन के लिए केवल अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता ही पंजीकरण करा सकते हैं और आम जनता को अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी होगी। डॉक्टर रुपाली ने यह संदेश भी दिया।
एयरक्राफ्ट से लेकर जो ट्रक्स हैं उससे लेकर जितनी भी सुविधा उपलब्ध है, सबका उपयोग किया जा रहा है और जिसका स्टोरेज की बात की जाती है। तो ये कोल्ड चेन मेंटेन करना सबसे ज्यादा अनिवार्य है इस वेक्सीनेशन को ठीक से इनश्योर करने के लिए। उसके लिए भी हर लेवल पर अलग-अलग तरह के कोल्ड स्टोरेज होते हैं। रिजनल लेवल पर हमारे पास वॉक्यूम रेफ्रिजरेटर होते हैं, तो डिस्ट्रीक्ट लेवल पर हमारे पर डीप फ्रीजर होते हैं। और जो लास्ट लेवल होते हैं वैक्सीनेशन के वहां पर आइसलाइन रेफ्रीजरेटर होते हैं। तो ये सेटअप हमारे पास ऑलरेडी उपलब्ध है। इसी का और स्ट्रेंदनिंग करके हम इसी सेटअप का उपयोग करेंगे कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए।
देश में कोविड महामारी से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 96 दशमलव पांच-एक प्रतिशत हो गई है। स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या एक करोड़ एक लाख 29 हजार से अधिक है।
देश में अब तक इस संक्रमण की चपेट में आये लोगों की कुल संख्या करीब एक करोड़ पांच लाख हो गई है। अब तक एक लाख 51 हजार 529 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो चुकी है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार अब तक 18 करोड 34 लाख से अधिक कोरोना नमूनों की जांच की जा चुकी है।
दिल्ली में कोविड से स्वस्थ होने की दर 97 दशमलव आठ तीन प्रतिशत हो गई है। अब तक इस बीमारी से छह लाख 17 हजार 540 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कल 357 नये रोगियों की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमित लोगों की संख्या बढकर छह लाख 31 हजार 249 हो गई है।
दिल्ली में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढकर दस हजार 718 हो गई है।
बिहार में कोविड से स्वस्थ होने की दर में सुधार हुआ है। यह बढ़कर 97 दशमलव आठ-सात प्रतिशत पर पहुंच गई है। यह राष्ट्रीय औसत से एक दशमलव तीन-छह प्रतिशत अधिक है। राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या लगातार कम हो रही है। राज्य में अब तक दो लाख 51 हजार 858 रोगी ठीक हो चुके हैं।
राज्य में कल 95 हजार से अधिक नमूनों की जांच की गई। अब तक एक करोड़ 94 लाख से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन का एक दल चीन में कोरोना संक्रमण के नए मामले मिलने के बीच आज वुहान पहुंचेगा, जहां इस महामारी की शुरुआत के बारे में तथ्यों का पता लगाया जाएगा। हमारे पेइचिंग संवाददाता के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों ने बताया कि हेबेई प्रांत के केंद्र में स्थित वुहान पहुंचने पर दल के सदस्यों को क्वारंटीन किया जाएगा।
स्वास्थ्य मिशन ने बताया कि चीन के मध्य भाग में कोविड के 115 नए रोगी मिले, जो कई महीनों बाद सबसे अधिक संख्या है।
हीलोंगज्यांग प्रांत में आज कोविड-19 आपातकाल घोषित किया गया। सुइहुआ शहर के लगभग 52 लाख लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं।
सरकार ने राज्यों को सलाह दी है कि बर्ड फ्लू पर नियंत्रण के लिए वे अपने इलाकों में कार्ययोजना के अनुसार प्रभावी कार्रवाई करें। मत्स्यपालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन मंत्रालय ने कहा कि अब तक दस राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
मंत्रालय ने कहा कि स्थिति से निपटने के लिए राज्यों से स्वास्थ्य विभाग और वन विभाग के साथ तालमेल बना कर काम करने को कहा गया है। मुर्गी फार्मों में विशेष ऐहतियात बरतने को कहा गया है।
सरकार ने भारतीय वायुसेना के लिए 83 हल्के लड़ाकू विमान तेजस की खरीद को मंजूरी दे दी है। हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड से लगभग 48 हजार करोड़ रूपये की लागत से ये विमान खरीदे जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा से संबंधित मंत्रिमंडल समिति की कल नई दिल्ली में हुई बैठक में विमान खरीद को अनुमति दी गई। एक रिपोर्ट-
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि इस सौदे से भारतीय रक्षा साजो सामान विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए बड़ा सकारात्मक परिवर्तन होगा। तेजस में इस्तेमाल किए गये साजो सामान अत्याधुनिक हैं जो इससे पहले भारत में इस्तेमाल नहीं किए गये थे। रक्षा मंत्री ने कहा कि हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड ने नासिक और बंगलुरू में लड़ाकू विमान निर्माण की नई सुविधाएं दी है। इन नई सुविधाओं से लैस होकर हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड भारतीय वायुसेना को हल्के लड़ाकू विमान - एम के वन ए का उत्पादन किया जायेगा और इसे समय पर भारतीय वायुसेना को उपलब्ध करा दिया जायेगा। समाचार कक्ष से चंद्रशेखर शर्मा
चीन में फंसे एक मालवाहक समुद्री जहाज में सवार 23 भारतीय नागरिक आज लौट आएंगे। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्यमंत्री मनसुख मांडविया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व से ही इन कर्मियों की वापसी हो रही है।
ये भारतीय जहाजकर्मी पिछले साल 13 जून से मालवाहक जहाज एम.वी. जग-आनन्द में फंसे हुए थे। माल उतारने की अनुमति न मिलने के कारण इन्हें चीनी समुद्री सीमा में ही लंगर डालना पडा। इस कठिन समय में ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग कम्पनी के मानवीय रवैये की सराहना करते हुए श्री मांडविया ने कहा कि कम्पनी संकट के समय में अपने कर्मियों के साथ खड़ी रही।
भारतीय सशस्त्र बल, आज वेटरन डे मना रहा है। देश के पहले सेना प्रमुख फील्ड मार्शल के एम करियप्पा की उल्लेखनीय सेवाओं के स्मरण में यह दिवस मनाया जाता है। वे इसी दिन 1953 में सेवानिवृत्त हुए थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल विपिन रावत के साथ बंगलुरू एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित वेटरन सम्मेलन में भाग लेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड के सांस्कृतिक कार्यक्रम में 321 स्कूली बच्चे और 80 लोक कलाकार हिस्सा लेंगे। दिल्ली के चार स्कूलों के बच्चे और पूर्वी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता के लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली के माउंट आबू पब्लिक स्कूल और विद्या भारती स्कूल का विषय है- आत्मनिर्भर भारत- समर्थ भारत का दृष्टिकोण। दिल्ली के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं- हम फिट तो इंडिया फिट विषय पर कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा, दिल्ली के डीटीईए सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र अपने पारंपरिक परिधानों में तमिलनाडु के लोकनृत्य को प्रस्तुत करेंगे।
पूर्वी क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता के 80 लोक कलाकार ओडिसा के कालाहांडी का बजासल लोकनृत्य पेश करेंगे। इस वर्ष 400 लोग ही कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जबकि पिछले वर्ष छह सौ से अधिक बच्चों और लोक कलाकारों ने परेड में भाग लिया था।
सरकार ने कहा है कि मौजूदा खरीफ विपणन मौसम के दौरान 545 लाख टन से अधिक धान की खरीद की गई है। यह पिछले वर्ष इसी अवधि में खरीदे गए लगभग 431 लाख टन से 26 दशमलव चार-आठ प्रतिशत अधिक है।
कृषि मंत्रालय ने कहा कि सरकार किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर रही है। वर्तमान खरीफ विपणन मौसम में क्रय संचालन प्रक्रिया से 73 लाख से अधिक धान के किसानों को लाभ पहुंचा है। सरकार ने किसानों को एक लाख तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित देश के बीस राज्यों में धान की खरीद जारी है।
सरकार ने अपनी प्रमुख एजेंसियों के माध्यम से दो लाख 89 हजार टन से अधिक मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की खरीद की है। इससे एक लाख 54 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिला है।
आंध्र प्रदेश का कृषि विपणन विभाग, कृषि उत्पादों के मूल्यों पर निरन्तर निगरानी रख रहा है। यह कार्य प्रतिदिन सी.एम. एप के जरिए किया जाता है। इस एप पर कृषि उत्पादों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के अनुसार खरीद की जाती है। राज्य का कृषि विपणन विभाग 15 जनवरी से टमाटरों की खरीद की नीलामी में शामिल होगा। नीलामी की प्रक्रिया में भागीदारी से कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनता है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने देश की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। उपग्रह कार्यक्रम के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इसरो ने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसरो की इस शानदार यात्रा पर प्रस्तुत है हमारे संवाददाता की रिपोर्ट.....
इसरो 1979 में आरंभ हुआ और अभी तक उसकी उपलब्धियां प्रशंसनीय है। आज उसके पास विश्वसनीय तंत्र यान है जिससे भारत का बाह्य आकाश कार्यक्रम एस एस पी हुआ है। भारतीय उपग्रह के अलावा आज इसरो विदेशी उपग्रह को भी अंतरिक्ष पहुंचाने में मददगार साबित हुआ है। 1999 में पहली बार उसने कोरिया और जर्मनी का उपग्रह अंतरिक्ष को भेजा था। अभी तक वह 328 विदेशी उपग्रह उड़ा चुका है। यूएसए, यूके, जापान, कनाडा, जर्मनी, फ्रांस के अलावा 33 देशों ने अपने उपग्रह इसरो द्वारा ऑर्विट पहुंचाया है। इससे इसरो को 25 मिलियन यूएस डॉलर और एक सौ 79 मिलियन यूरोज की आमदनी प्राप्त हुई है। सुधीन्द्रा, आकाशवाणी समाचार, बंगलुरू
डॉनल्ड ट्रम्प दो बार महाभियोग का सामना करने वाले अमरीका के पहले राष्ट्रपति बन गए हैं। अमरीकी संसद पर पिछले हफ्ते भीड़ को हमले के लिए उकसाने के आरोप में संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजंटेटिव ने कल ट्रम्प पर महाभियोग चलाने के पक्ष में वोट दिया। महाभियोग प्रस्ताव के पक्ष में 232 और विरोध में 197 वोट पड़े।
अमरीकी संसद पर हुए हमले में पांच लोगों की मौत हुई थी और कैपिटल की इमारत को नुकसान पहुंचाया गया। महाभियोग प्रस्ताव को डेमोक्रेटिक पार्टी के सभी सदस्यों और लिज चेनी समेत रिपब्लिकन पार्टी के 10 सदस्यों ने भी समर्थन दिया। महाभियोग प्रस्ताव पर सीनेट में चर्चा इस महीने की 20 तारीख से पहले शुरु नहीं होगी, जब डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बाइडेन राष्ट्रपति का पदभार संभालेंगे।
अमरीका ने चीन के शिन्जियांग क्षेत्र के कपास और टमाटर उत्पादों के आयात पर रोक लगा दी है। इन सामानों के उत्पादन में उइगर बंदियों को जबरदस्ती काम पर लगाए जाने के आरोपों के बीच यह कदम उठाया गया है। अमरीका के सीमा शुल्क और सीमा संरक्षण विभाग के अनुसार अमरीका के किसी भी बंदरगाह में शिन्जियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र से कपास और टमाटर उत्पाद नहीं आने दिए जाएंगे। जिन उत्पादों पर प्रतिबंध लगाया गया है उनमें कपड़े टमाटर बीज, टमाटर सॉस और अन्य कई उत्पाद शामिल हैं। चीन पर लगातार आरोप लगते रह हैं कि वह उइगर मुसलमानों पर तरह-तरह के उत्पीड़न करता रहा है।
रोहिंग्या शरणार्थियों की स्वदेश वापसी के लिए बांग्लादेश, म्यांमार और चीन के बीच एक त्रिपक्षीय बैठक 19 जनवरी को ढाका में आयोजित की जाएगी।
बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ0 ए के अब्दुल मोमीन ने कहा कि यह त्रिपक्षीय बैठक सचिव स्तरीय होगी और उन्हें बैठक से सकारात्मक परिणाम की निकलने की उम्मीद है।
डॉ0 मोमीन ने कहा कि बांग्लादेश ने म्यामां को आठ लाख चालीस हजार से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों का बायोमीट्रिक डेटा सौंपा है, जो वर्तमान में बांग्लादेश में शरण लिए हुए हैं।
मकर संक्रांति का पर्व आज मनाया जा रहा है। देश के विभिन्न भागों में इस त्यौहार को कई नामों से जाना जाता है। यह तमिलनाडु में पोंगल, गुजरात में उत्तरायण, असम में बिहू, और पश्चिम बंगाल में पौष संक्रांति के रूप में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू ने देशवासियों को मकर संक्राति, पोंगल, बीहु, उत्तरायण और पौष पर्व के अवसर पर बधाई दी है। एक ट्वीट संदेश में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कामना की कि ये पर्व समाज में प्रेम, स्नेह और सौहार्द के बंधन मजबूत करेंगे और देश में समृद्धि और प्रसन्न्ता लेकर आएंगे।
उपराष्ट्रपति एम. वैंकेया नायडू ने कहा कि ये सभी त्यौहार देश की विविधता के लिए जाने जाते हैं और अच्छी फसल तथा प्रकृति की उदारता के प्रतीक हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन सभी पर्वों पर दुनियाभर के लिए खुशी और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।
उत्तर प्रदेश में कडाके की ठंड के बावजूद मकर संक्रांति के अवसर पर हजारों लोग ब्रह्ममुहुर्त काल से पवित्र नदियों में स्नान कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रयागराज का प्रसिद्ध माघ मेला भी आज से शुरू हो रहा है।
मकर संक्रांति के अवसर पर सुबह से ही साधु संतों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान कर रहे हैं। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम पर प्रयागराज में लगभग डेढ़ महीने तक चलने वाले माघ मेले का ये पहला बड़ा स्नान माना जाता है। माघ मेला प्रदेश में पहला ऐसा आयोजन है जो कोरोना के संक्रमण के शुरू होने के बाद किया जा रहा है। पहली बार प्रशासन ने माघ मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सूची तैयार की है और किसी को भी बिना कोरोना की निगेटिव जांच रिपोर्ट के माघ मेला में आने की अनुमति नहीं दी गई है। मेला क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति का परीक्षण किया जा रहा है। बर्ड फ्लू के खतरे के बीच माघ मेला प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं को इस बात के लिए सतर्क कर रहा है कि वह पक्षियों को दाना न खिलाएं जो इस मौसम में संगम तट पर दूसरे देशों से आते है। आज मेला क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। कई आश्रमों में पांरपरिक खिचड़ी भोज भी आयोजित किये जायेंगे। मुख्मयंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा करेंगे और खिचड़ी का प्रसाद चढ़ायेंगे जिसके बाद यहां प्रसिद्ध खिचड़ी मेला शुरू हो जायेगा। मुख्यमंत्री मौके पर गोरखपुर शहर पर आधारित एक डाक टिकट भी जारी करेंगे। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ
उधर, गुजरात में मकर संक्रांति का पर्व पतंगबाजी पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से -
गुजरात सरकार ने पहले से ही सार्वजनिक स्थानों और समूह में पतंग चगाने पर नियंत्रण लगाया हुआ है। लोगों को कहा गया है कि वे अपने घरों से ही और अपने निकट के परिवार के लोगों के साथ ही मकर संक्रांति का आनंद उठायें। लोगों को त्यौहार के दौरान भी कोविड-19 के लिए जरुरी सभी ऐहतियाति उपाय करते रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर, राज्य सरकार द्वारा पतंग के डोर से घायल होने वाले पक्षियों को बचाने और उनका इलाज करने के लिए करुणा अभियान शुरू किया गया है। गुजरात सरकार ने पहले से ही राज्य में पक्षियों को ज्यादा घायल करने वाले चाइनीज डोर पर प्रतिबन्ध लगाया हुआ है। पशुपालन विभाग के स्वास्थ्य कर्मचारी और स्वयं सेवी संस्थाओ के कार्यकारों को पक्षियों को बचाने और उनके इलाज के दौरान बर्ड फ्लू के मामलों की वजह से ऐहतियात के सभी उपाय करने के लिए कहा गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार करुणा अभियान के अंतर्गत राज्य में अब तक 50 हजार से अधिक पक्षियों और पशुओं को बचाया गया है। योगेश पंड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
तमिल पंचांग के अनुसार आज बसंत की शुरुआत हो रही है। थाई महीने में शुरुआत के कुछ दिनों को किसान के जीवन और कृषि से जुड़े उत्सव के रूप में मनाया जाता है। विश्वभर में सभी तमिल इस उत्सव को मना रहे हैं। हमारे संवाददाता की यह रिपोर्ट -
यह गीत तमिल महीने थाई के आरम्भ का प्रतीक है, जिसका अर्थ है एक नए मार्ग का जन्म। यह त्यौहार किसानों की भरपूर फसल के आगमन का उत्सव है। इसलिए इसमें सक्करई पोंगल और गन्ने का उपयोग किया जाता है। प्रत्येक घर में विभिन्न छह प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। यह त्योहार तीन दिनों तक मनाया जायेगा। हालांकि कोविड महामारी के कारण इस त्यौहार के उत्साह में कमी देखी जा रही है। आज उगते सूर्य का स्वागत रंगोली, आम के पत्तों की बंदनवार और उबले हुए पोंगल से किया जा रहा है। सरकार ने सभी पर्यटक स्थलों में लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, इस कारण लोग घर पर ही यह त्यौहार मना रहे हैं। कोविड संक्रमण को देखते हुए सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली पी.डी.एस. कार्ड धारकों के लिए घोषणा की है कि घर पर पोंगल की सामग्री के साथ उन्हें ढाई हजार रुपये दिए जाएंगे। इस त्यौहार का एक अन्य प्रमुख कार्यक्रम जल्लीकट्टू आज से शुरू हो रहा है। बैलों को नियंत्रित करने का यह खेल 31 जनवरी तक चलेगा। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से श्रीराम शर्मा
51वें अंतर्राष्ट्रीय-भारतीय फिल्म समारोह में प्रख्यात फिल्म निर्माता सत्यजित रे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने सत्यजित रे की शताब्दी समारोह के क्रम में अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्मोत्सव-2019 के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में यह जानकारी दी थी। इस श्रद्धांजलि में फिल्मोत्सव के दौरान सत्यजित रे की यादगार फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें पाथेर पांचाली, चारूलता, घरे बायरे, शतरंज के खिलाड़ी और सोनार केला शामिल हैं।
अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म समारोह 16 से 24 जनवरी के बीच गोआ में आयोजित किया जा रहा है।
समाचार पत्रों से-
वायु सेना के लिए 83 तेजस विमानों की खरीद की मंजूरी अखबारों की बड़ी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने लगाई 48 हजार करोड़ रुपये के स्वदेशी रक्षा खरीद सौदे पर मुहर। तेजस स्वदेश में डिजाइन,विकसित और निर्मित अत्याधुनिक चौथी पीढ़ी का है विमान।
कठुआ में सरहद पर एक सौ 50 मीटर लम्बी सुरंग पंजाब केसरी की बड़ी खबर है। सीमा सुरक्षाबल ने एक बार फिर पाकिस्तान की ओर से आतंकवादियों की घुसपैठ के नापाक मंसूबो पर पानी फेरा।
कोरोना के खिलाफ जंग शीर्षक से राजस्थान पत्रिका लिखता है कोवैक्सीन की सप्लाई भी शुरू प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को शुरू करेंगे टीकाकरण अभियान। कोविशील्ड और कोवैक्सीन टीकों के आपात इस्तेमाल की नियामक ने तीन जनवरी को मंजूरी दी थी। हिदुस्तान का कहना है दिल्ली में सभी को लगेगा मुफ्त टीका, भ्रांतियां न फैलाए लोग।
नवभारत टाइम्स की सुर्खी है दो-दो टीके होने पर भी क्यों पिछड़ रहा अमरीका? 24 घंटे में कोविड से चार हजार पांच सौ लोगों के मौत का नया रिकॉर्ड। टीकाकरण की योजना में बडे फेरबदल का एलान।
दैनिक भास्कर खलबली शीर्षक से लिखता है विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीम आने से पहले चीन के तीन प्रांतों में कोरोना का विस्फोट। कोरोना की उत्पत्ति का पता लगाने आज पेइचिंग पहुंचेगा दल।
इलाहाबाद हाई कोर्ट के लखनऊ पीठ के फैसले पर जनसत्ता लिखता है अंतर धार्मिक विवाह के लिए नोटिस देना जरूरी नहीं। न्यायालय ने अग्रिम नोटिस के प्रावधान को मूल अधिकारों का हनन बताया।
दैनिक जागरण ने सुप्रीम कोर्ट के हवाले से सुर्खी दी है शुद्ध जल मौलिक अधिकार। नदियों में प्रदूषण पर न्यायालय ने लिया स्वत: संज्ञान, कहा साफ पानी सुनिश्चित करना राज्यों का दायित्य। दिल्ली समेत पांच राज्यों और केन्द्र को नोटिस।
राष्ट्रीय सहारा की अहम खबर है दिल्ली के स्कूलों में 10वीं और 12वीं की कक्षाएं 18 जनवरी से। बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर लिया गया निर्णय, विद्यालय आना रहेगा वैकल्पिक।
व्हाट्सएप की निजता में सेंधमारी से नाराजगी पर विकल्पों की ओर बढते रूझान पर अमर उजाला की खबर है व्हाट्सएप को सिग्नल की तगड़ी चुनौती। डाउनलोड करने वाले सौ गुना बढ़े, टेलीग्राम ऐप भी लाखों नये फोन में पहुंचा।