मुख्य समाचार :-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ देश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा की।
कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 93 दशमलव सात-छह प्रतिशत हुई।
केन्द्र सरकार और आईसीएमआर ने सभी के लिए आसानी से कोविड जांच सुनिश्चित करने के लिए जांच संबंधी बुनियादी ढाँचे में बढोतरी की।
बंगाल की खाडी में बना कम दबाव का क्षेत्र, तेज होकर चक्रवाती तूफान निवर में बदल गया है। तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के कई जिले प्रभावित।
बिहार में भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय सिन्हा तथा राष्ट्रीय जनता दल के अवध बिहारी चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा।
------------
कोविड-19 महामारी के खिलाफ देश एकजुट होकर लड़ रहा है। आप भी हमारे साथ सुरक्षा और बचाव के तीन आसान एहतियाती उपायों का संकल्प लें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना की स्थिति की समीक्षा की है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक में अन्य लोगों के अलावा दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, मंत्रिमंडल सचिव राजीव गाबा और स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण भी इस बैठक में शामिल थे। पिछले शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने कोरोना के टीके के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी।
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि सरकार देश में आर्थिक सुधार की गति जारी रखने के लिए और कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि इन आर्थिक सुधारों से भारत वैश्विक निवेश का केंद्र बनेगा। नई दिल्ली में कल भारतीय उद्योग परिसंघ- सी.आई.आई. के एक सम्मेलन में वित्तमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महामारी के इस समय में भी व्यापक सुधार करने का कोई अवसर नहीं गंवाया । उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने एसे सुधार भी किए हैं जिनकी दशकों से प्रतीक्षा की जा रही थी। वित्तमंत्री ने कहा कि महामारी के दौरान भी सुधार की गति सुनिश्चित करने के लिए कई और कदम उठाए जा रहे हैं।
निर्मला सीतारामन ने कहा कि वित्तीय क्षेत्र का व्यावसायिक विकास किया जा रहा है और सरकार विनिवेश के साथ इसे जारी रखेंगी। कराधान प्रणाली में सुधारों पर वित्तमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी के उपयोग ने कर जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाया है। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि कॉरपोरेट टैक्स में कमी करने से यह स्पष्ट हो जाता है कि हमारा इरादा बहुराष्ट्रीय और बड़ी या छोटी कंपनियों को तत्काल लाभ पहुंचाना है।
विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने जम्मू के नगरोटा में सुनियोजित आतंकवादी हमले को लेकर विदेश मिशनों के प्रमुखों के चुनिंदा समूह को जानकारी दी है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई सहित इस घटना से सुरक्षा और कूटनीतिक असर के बारे में भी बताया। सुरक्षाबलों ने 19 नवम्बर को आतंकवादी हमले को नाकाम कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि कोविड-19 हालात के मद्देनजर विदेश मंत्रालय ने पहली बार छोटे समूहों में कई जानकारियां दीं। दूसरे अन्य सचिव भी अपने क्षेत्राधिकार में मिशन प्रमुखों को सूचित करेंगे। सूत्रों ने बताया कि संबंधित सूचनाएं अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ भी साझा की जाएंगी। सूत्रों ने बताया कि पूर्व की ऐसी कई घटनाओं का ब्यौरा साझा किया गया, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद की मिलीभगत रही। आतंकवादी फरवरी 2019 कांड के बाद भारत में काफी बड़े आतंकी हमले की फिराक में हैं। यह सब जिला विकास परिषद के चुनाव में गड़बड़ी पहुंचाने की कोशिशों का हिस्सा है। 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर आतंकी हमले का उद्देश्य दुख की बात है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में उभरते हुए क्रिकेट खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करने के लिए जम्मू-कश्मीर खेल परषिद् ने क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना की क्रिकेट अकादमी के साथ एक समझौता किया है। हमारे जम्मू संवाददाता ने खबर दी है कि यह समझौता जम्मू-कश्मीर को खेल उत्कृष्टता का केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और राज्य के मुख्य सचिव सुब्रह्मण्यम समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैना भी मौजूद थे।
ओडिशा विधानसभा ने कल ओडिशा आवश्यक सेवाएं रखरखाव संशोधन विधेयक 2020 पारित कर दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विधेयक में राज्य कर्मचारियों की आवश्यक सेवाओं को दखते हुए 1988 के मौजूदा कानून के तहत उन्हें हड़ताल करने से रोकने संबंधी संशोधन है।
विधेयक में आवश्यक सेवाओं के दायरे को बढ़ाते हुए अग्निशमन सेवा, आबकारी वन, जेल सुधार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना एव संचार जैसे विभागों को शामिल किया गया है। संशोधित विधेयक के प्रावधानों के अनुसार, अवैध हड़ताल के लिए पैसा खर्च करने या प्रोत्साहित करने पर एक साल तक ही जेल या पांच हजार रुपये तक की जुर्माना या दोनों हो सकती है हालांकि विपक्ष ने आरोप लगाया कि ऐसा संशोधन कर्मचारियों, कामगारों की आवाज दबाने की कोशिश है। लेकिन सरकार ने विधेयक की बचाव करते हुए कहा कि नागरिकों को आवश्यक सेवाओं से वंचित नहीं किया जा सकता। श्रमिक संगठनों ने भी विधेयक का विरोध करते हुए कहा कि इससे उनके प्रदर्शन करने की लोकतांत्रिक अधिकार के हनन की साजिश रची जा रही है। भुवनेश्वर से आकाशवाणी समाचार गिरीश चंद्र दास।
भारतीय जनता पार्टी के विजय सिन्हा ने आज बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरा। वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार हैं। उधर राष्ट्रीय जनता दल के अवध बिहारी चौधरी ने महागठबंधन के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र भरा। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव कल होगा। विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पास 125 सीटें हैं, जिसमें भाजपा के 74 सदस्य शामिल हैं। एकमात्र निर्दलीय विधायक ने भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का समर्थन किया है। दूसरी ओर 75 सदस्यों के साथ राष्ट्रीय जनता दल विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है, जिसने विपक्ष के महागठबंधन का नेतृत्व किया है और इसे एक सौ दस सीटें मिली हैं। अन्य दलों को सात सीटें मिली हैं, जिनमें एआईएमआईएम के पांच सदस्य शामिल हैं।
गुजरात के केवडिया स्थित स्टेच्यु ऑफ यूनिटी के निकट कल से दो दिवसीय अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
आज गांधीनगर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है - विधायी, कार्यकारी और न्यायपालिका का सामंजस्यपूर्ण समन्वय - एक जीवंत लोकतंत्र की कुंजी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 नवंबर को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भाग लेने वाले पीठासीन अधिकारी अपने विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और श्रेष्ठ परंपराओं को साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं की कार्यवाही को और अधिक उपयोगी बनाने के तरीकों पर भी चर्चा होगी।
देश में कोविड के 86 लाख से अधिक रोगियों के ठीक होने के साथ ही ठीक होने की दर 93 दशमलव सात-छह पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 38 हजार नए मामलों का पता चला जबकि 42 हजार लोग ठीक हुए। देश में इस समय कोरोना के चार लाख 38 हजार से अधिक रोगी है जो अब तक हुए संक्रमित लोगों का चार दशमलव सात आठ प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में संक्रमित लोगों की संख्या बीस हजार से कम है। कोरोना से मरने वालों की दर भी कम होकर एक दशमलव चार छह प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान चार सौ 80 लोगों की मृत्यु हुई। पिछले 24 घंटों में 11 लाख कोविड नमूनों की जांच की गई जिसे मिलाकर अब तक कुल 13 करोड 37 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी हैं। देश में नमूना जांच क्षमता 15 लाख प्रतिदिन है। दो हजार एक सौ 34 प्रयोगशालाओं में इन नमूनों की जांच की जाती है।
केन्द्र सरकार और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने सभी के लिए आसानी से कोविड जांच सुनिश्चित करने के लिए जांच के आवश्यक बुनियादी ढांचे में बढोतरी की है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार दिल्ली में कोविड संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिये कृत-संकल्प है। श्री शाह ने कल नई दिल्ली में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने सचल कोविड-19 आर.टी.-पी.सी.आर. प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इसे स्पाइस हेल्थ और आई.सी.एम.आर. ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। कोविड जांच के लिये परिषद की ऐसी और प्रयोगशालाएं स्थापित करने की योजना है, जिनसे कोविड संक्रमण जांच की क्षमता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस प्रयोगशाला में आम लोगों को मुफ्त जांच की सुविधा मिलेगी। यह पहल कोरोना जांच को सस्ता और आम लोगों तक पहुंच की दिशा में एक कदम है। छह से आठ घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट मिल जायेगी। गृह मंत्रालय ने कहा है कि स्पाइस हेल्थ ने आई.सी.एम.आर. के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके अंतर्गत पूरे देश में जांच सुविधा और नमूने इकट्ठा करने के लिए केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। शुरुआत में पहली जांच सुविधा दिल्ली में स्थापित की गई है। आने वाले दिनों में ऐसी और प्रयोगशालाएं राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी। पहले चरण में दस प्रयोगशालाएं स्थापित करने की योजना है। शुरूआत में प्रत्येक प्रयोगशाला में प्रतिदिन एक हज़ार नमूनों की जांच की जा सकेगी। बाद में हर प्रयोगशाला में जांच की संख्या को धीरे-धीरे बढ़ाकर तीन हज़ार कर दिया जाएगा। मुकेश कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
बिहार में 15 दिन का हाईअलर्ट जारी किया गया है। अन्य राज्यों में कोरोना के बढते मामलों के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। राज्य जिला मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिक्षकों को इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं। मुख्य सचिव दीपक कुमार की अध्यक्षता में संकट प्रबंधन समूह की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। मुख्य सचिव ने बताया कि मॉस्क पहनने का अभियान शुरू किया गया है। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगा। यदि कोई चालक या यात्री बिना मॉस्क के पाए जाएंगे तो उनके वाहन जब्त कर लिए जाएंगे। ये निर्देश सभी वाहनों पर लागू होगा। दुकानदार और ग्राहक के बिना मॉस्क के होने पर दुकानें सील कर दी जाएंगी।
इस बीच, राज्य में कोविड 19 से स्वस्थ होने की दर बढकर 97 दशमलव दो-पांच प्रतिशत हो गई है, जो कि राष्ट्रीय औसत से तीन दशमलव पांच सात प्रतिशत अधिक है। सक्रिय मामलों में लगातार कमी आ रही है। वर्तमान में 5 हजार 515 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही पिछले 24 घंटों के दौरान 480 लोग स्वस्थ हुए हैं जबकि 412 नये मामलों की पुष्टि हुई है। अब तक दो लाख 24 हजार 701 से अधिक रोगी स्वस्थ हुए हैं।
कर्नाटक में कोविड-19 के एक हजार पांच सौ 9 नये मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार एक हजार 6 सौ 45 लोग इस वायरस से स्वस्थ हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि वर्तमान में राज्य में सक्रिय मामलों की दर एक दशमलव पांच सात प्रतिशत और मृत्यु दर एक दशमलव पांच नौ प्रतिशत हो गई है।
कर्नाटक स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा मंत्री डॉ. के. सुधाकर जी ने जानकारी दी है कि कोविड-19 वैक्सीन आते ही उसके वितरण के आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया 29,451 वैक्सीनेशन केन्द्र 10,008 वैक्सीन देने वालों की पहचान की जा चुकी है। यूनिवर्सल टीकाकरण कार्यक्रम के मानदंडों के अनुसार की जाती है। उन्होंने जानकारी दी है कि 2855 कोल्ड चेन का चयन किया गया है जहां वैक्सीन रखे जा सकते हैं। बेंगलुरु, शिवमोगोर और बेल्लारी में वैक्सीन वितरण केन्द्र बनाए जा रहे हैं। राज्य में अभी 10 वॉकिंग कूलर और 4 वॉक इन पीसिज मौजूद हैं। केंद्र सरकार तीन वॉक इन कूलर और दो वॉक को फ्रीजर को दे रही है। केंद्र ने द्वारा डीप फ्रीजर और आइस लाइन रेफ्रिजरेटर देने का वादा है और अधिक यूनिट की मांग राज्य सरकार द्वारा की गई है। सुधींद्र आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।
तेलंगाना में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 921 नये मामलों की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में इससे संक्रमित लोगों की संख्या दो लाख 65 हजार 49 हो गई है। राज्य में कल 42 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। स्वस्थ होने की दर में लगातार सुधार हो रहा है और यह 95 दशमलव दो-आठ प्रतिशत हो गई है। राज्य में अब तक दो लाख 52 हजार पांच सौ 65 लोग ठीक हो चुके हैं। इस बीच, राज्य के चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान इस वायरस से चार और लोगों की मौत होने के साथ ही मृतकों की संख्या एक हजार चार सौ 37 हो गई है।
मिजोरम में पिछले 24 घंटे के दौरान पचास लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 के कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर तीन हजार सात सौ दस हो गई है। राज्य के चिकित्सा बुलेटिन के अनुसार इस दौरान 11 लोग स्वस्थ हुए हैं। अब तक कुल तीन हजार दो सौ तीन रोगी स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें विभिन्न कोविड उपचार केन्द्रों से छुट्टी दे दी गई है। राज्य में स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 87 दशमलव पांच-एक प्रतिशत हो गई है। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या पांच सौ दो है।
त्रिपुरा में अब तक कोरोना से संक्रमित 31 हजार दो सौ 73 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर 96 दशमलव चार-नौ प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान 19 नए मामलों का पता चला है। इस दौरान 27 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कल एक व्यक्ति की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन सौ 67 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 32 हजार चार सौ हो गई है।
गुजरात में सूरत नगर निगम ने कोविड बिस्तरों को बढाने का फैसला किया है। नगर निगम आयुक्त बंछानिधि पाणी ने बताया कि कोविड के उपचार के लिए शहर में बिस्तरों की संख्या 129 से बढाकर 560 कर दी गई है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि गुजरात सरकार ने संक्रमण की जांच के लिए चार बडे शहरों में जांच केन्द्र बढाने का भी फैसला किया है।
गुजरात में संक्रमण के मामलों में उछाल के बाद राज्य सरकार ने अहमदाबाद, सूरत, वड़ोदरा और राजकोट में परीक्षण केन्द्रों की संख्या बढ़ा दी है। सूरत नगर निगम द्वारा कपडा बाजार में 13 और हीरा बाजार में 5 नये परीक्षण केंद्र स्थापित किये जाने के बाद शहर में परीक्षण केन्द्रों की कुल संख्या 200 हो गई है। सूरत नगर निगम द्वारा सभी दवाई की दुकानों को अपने नजदीक के परीक्षण केन्द्रों के बारे में साइन बोर्ड लगाने के लिए कहा गया है। अहमदाबाद नगर निगम द्वारा भी दिवाली के बाद संक्रमण के मामलो में उछाल को देखते हुए परीक्षण केन्द्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। नगर निगम द्वारा अहमदाबाद में नए 35 माइक्रो कन्टेनमेंट क्षेत्र घोषित किये गए है, जहां घर-घर स्वास्थ्य जांच शुरू की गई है। इस बीच डांग और वलसाड के पर्यटक केन्द्रों को जिल्ला प्रसाशन द्वारा बंध कर दिया गया है। योगेश पंड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ कोविड 19 पर उच्चस्तरीय बैठक से पहले उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल सगंठित और समयबद्ध तरीके से कोविड टीके के संबंध में सभी प्रबंध किए जाने का निर्देश दिया।
एक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने टीकाकरण के लिए कोल्ड चेन की उपलब्धता सभी जिलों में 15 दिसंबर तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि वैक्सीन की गुणवत्ता बरकरार रहे उन्होंने कहा कि यह सारी प्रक्रिया समय से और सभी विभागों के आपसी तालमेल के साथ पूरी की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश की बड़ी जनसंख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में वैक्सीन लगाने वाले स्वास्थ्य कर्मी भी उपलब्ध रहने चाहिए उन्होंने अधिकारियों से पूरी क्षमता के साथ कोविड परीक्षण की प्रक्रिया को जारी रखने के निर्देश दिए और कहा कि कोविड के संबंध में लोगों को जागरूक करने के प्रयास चलते रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कल प्रदेश में 8 नई कोविड-19 लैब का लोकार्पण भी किया। सुशील चन्द्र तिवारी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार ने कोविड-19 के हाल ही में बढते मामलों के मद्देनजर लोगों के एकत्र होने के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों को संशोधित किया है। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य सरकार ने शादी-समारोह स्थल पर लोगों की संख्या एक सौ तक सीमित कर दी है।
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में हवाई, रेलमार्ग अथवा सड़क मार्ग से प्रवेश करने वाले लोगों के लिए 25 नवम्बर से लागू किये जाने वाले नए दिशा निर्देश जारी किए हैं।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए जारी किए गए, - मानक संचालन प्रक्रिया यानि स्टेन्डर्ड ऑपरेटेड प्रोसिजर के अनुसार हवाई रेल या सड़क माध्यम द्वारा दिल्ली एनसीआर, राजस्थान, गुजरात और गोआ से महाराष्ट्र में आने वाले सभी घरेलू यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले आरटी-पीसीआर नकारात्कमक परीक्षण रिपोर्ट साथ रखना अनिवार्य किया गया है। एसओपी में यह भी कहा है कि यात्रा की शर्तों को पूरा करने वाले, लेकिन आरटी-पीसीआर रिपोर्ट न होने वाले यात्रियों को अनिवार्य रूप से संबंधित हवाई अड्डों या रेलवे स्थानों पर अपनी लागत पर आरटी-पीसीआर परीक्षण से गुजरना होगा। परीक्षण करने के बाद ही यात्रियों को घर जाने की अनुमति दी जाएगी। निवेदिता आकाशवाणी समाचार मुम्बई।
हिमाचल प्रदेश में कोविड संक्रमण के बढ़ते मामले देखते हुए राज्य सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को 31 दिसम्बर तक बंद रखने का फैसला किया है। सरकार ने चार जिलों में रात का कर्फ्यू लगाने का भी फैसला किया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज आंध्र प्रदेश में तिरुचनुर में पद्मावती अम्मावरी मंदिर का दौरा किया और वहां अम्मावरी पूजा में भाग लिया। राष्ट्रपति के साथ आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्व भूषण हरिचंदन ने भी इस मंदिर का दौरा किया। इससे पहले राज्यपाल, मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी और अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्रपति का रेणुगुंटा हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज लचित दिवस के अवसर पर पूर्ववर्ती अहोम साम्राज्य के साहसी जनरल लचित बोरफुकन को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा है कि लचित बोरफुकन एक उत्कृष्ट नेता और रणनीतिकार थे। उन्होंने असम की अनूठी संस्कृति की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री मोदी ने कहा है कि गरीबों और दलितों को सशक्त बनाने की दिशा में बोरफुकन का योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.com/hindi और हमारे मोबाइल ऐप News On Air पर भी उपलब्ध हैं।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना कम दबाव का क्षेत्र तेज होकर आज सवेरे चक्रवाती तूफान निवर में बदल गया। इसके प्रभाव से तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के विभिन्न जिलों में व्यापक वर्षा हुई है। चेन्नई में कल शाम से रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। चेन्नई में मौसम विभाग ने बताया है कि तूफान निवर पिछले तीन घंटे से स्थिर है। इस समय यह पुद्दुचेरी से चार सौ दस किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और चेन्नई से चार सौ पचास किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। अगले 24 घंटे में इसके तेज होकर भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। यह कल शाम तक पुद्दुचेरी के निकट मामल्लपुरम और कारैक्कॉल के बीच तट को पार कर लेगा। इसके प्रभाव से प्रति घंटा एक सौ से एक सौ बीस किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चक्रवाती तूफान- निवर की स्थिति के संबंध में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री इ के पलनीसामी और पुद्दुचुरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी से बात की। श्री मोदी ने केन्द्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में रह रहे लोगों के सुरक्षित रहने की प्रार्थना की।
चक्रवाती तूफान निवर के, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है। तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिन तक राज्य के तटीय जिलों और रायलसीमा क्षेत्रों में व्यापक वर्षा हो सकती है। इसके खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश के संबद्ध विभागों और जिला प्रशासन को अगले दो दिन सतर्क रहने को कहा गया है। मछुआरों को तीन दिन तक गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। अमरावती के मौसम केन्द्र के प्रमुख एस स्टैला ने आकाशवाणी को बताया कि तूफान के प्रभाव से अगले दो दिन समूचे राज्य में सामान्य से भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिण तटीय आंध्र और रायल सीमा में एक-दो स्थानों पर बहुत तेज वर्षा होने का अनुमान है।
ओडिशा में पिछले 24 घंटों के दौरान 12 स्थानों पर तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने के कारण काफी ठंड रही। सबसे कम 9 डिग्री सेल्सियस तापमान फूलबनी जिले के दारिंगीबाड़ी में दर्ज किया गया। भुवनेश्वर में तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शीतलहर के अलावा, तापमान में भारी गिरावट के चलते राज्य के कुछ हिस्सों में घने कोहरे देखी गई है। पुलवनी और सुंदरगढ़ जैसे जिलों में कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आई थी। अन्य क्षेत्रों में भी सवेरे सवेरे सामान्य दृश्यता प्रभावित हुई थी। तापमान में गिरावट के कारण आज दिन में भी कम दृश्यता देखी जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को मल्कानगिरी, कोरापुट, रायगडा और गजपति जैसे चार दक्षिण ओडिशा जिलों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी पर चक्रवाती तूफान की तेज होने की भी आशंका बतायी जा रही है। भुवनेश्वर से आकाशवाणी समाचार के लिए गिरीश चंद्र दास।
अमरीका में सामान्य सेवा प्रशासन ने जो बाइडेन को राष्ट्रपति चुनाव के विजेता के रूप में स्वीकृति दे दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी एजेंसियों से सहयोग करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि जो बाइडेन के राष्ट्रपति का पद संभालने के लिए औपचारिक रूप से सत्ता के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। मिशिगन में श्री बाइडेन की जीत को आधिकारिक रूप से प्रमाणित कर दिया गया है। सामान्य सेवा प्रशासन की घोषणा के बाद अमरीकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने कहा है कि वह बाइडेन की टीम को पेशेवाराना तथा व्यवस्थित रूप से और पूरी तरह से समर्थन देगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।
मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के बाद इस समय प्रधानमंत्री का संबोधन चल रहा है, आइये सुनते हैं-
आज कi मौसम :-
दिल्ली में न्यूनतम तापमान छह दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मुम्बई में आसमान साफ है और तापमान 20 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
चेन्नई में बारिश हो सकती है। तापमान 24 और 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
कोलकाता में आसमान साफ है। तापमान 15 और 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
श्रीनगर में वर्षा और हिमपात होने की संभावना है। तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
जम्मू में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
लेह में हल्की वर्षा होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान लगभग एक डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मुजफ्फराबाद में गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। तापमान 5 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जानेमाने नेता सर छोटू राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सर छोटू राम ने अपना जीवन सार्वजनिक सेवा और किसान कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि छोटू राम ने किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि छोटू राम श्रमिकों, वंचितों और शोषितों की आवाज बने और समाज के उत्थान के लिए उनका योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।